Edinbox Bengali

अब रविंद्रन संभालेंगे Byju’s India की कमान, वित्तीय दिक्कत हो सकती है दूर

एडटेक कंपनी बायजू (BYJU’S) की कमान अब स्वयं संस्थापक बायजू रवींद्रन संभालेंगे। सीईओ अर्जुन मोहन के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने यह फैसला किया है। मोहन के CEO पद से हटने के बाद रवीन्द्रन मूल कंपनी थिंक एंड लर्न के तहत भारतीय कारोबार के दैनिक संचालन का नियंत्रण संभालेंगे। लगभग चार वर्षों के बाद रवीन्द्रन दैनिक मामलों के शीर्ष पर लौटेंगे। अर्जुन मोहन की भूमिका अब एक बाहरी सलाहकार की होगी, जहां वह इस ट्रांस्फॉर्मेशन फेज के दौरान कंपनी और उसके संस्थापकों को अपनी गहरी एडटेक विशेषज्ञता प्रदान करेंगे। 

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार,  नए संगठनात्मक सेटअप के कार्यान्वयन और बायजू (BYJU’S) रवींद्रन के परिचालन प्रमुख के रूप में अपनी भूमिका फिर से शुरू करने के साथ, बायजू अब इनोवेशन द्वारा संचालित विकास के अपने अगले चरण को शुरू करने के लिए तैयार है। रवीन्द्रन की कंपनी में परिचालन सीईओ के रूप में वापसी की योजना महत्वपूर्ण है क्योंकि बायजू (BYJU’S) के निवेशकों के एक समूह ने फरवरी में एक असाधारण आम बैठक में उन्हें कंपनी के मुख्य कार्यकारी के पद से हटाने के लिए मतदान किया था। इस ईजीएम के नतीजे को कर्नाटक उच्च न्यायालय में चुनौती दी जा रही है और मामला अंतरिम रोक के तहत है, जिसका अर्थ है कि प्रस्तावों को लागू नहीं किया जा सकता है। 

गौरतलब है कि वित्तीय दिक्कत से जूझ रही कंपनी के लिए एक और रहत भरी खबर  है। कंपनी के शेयरधारकों ने इसके शेयर कैपिटल में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। माना जा रहा है कि इससे एडटेक कंपनी बायजू की दिक्कत दूर हो सकती है। बायजूस के फाउंडर और सीईओ बायजू रवींद्रन ने भी कहा है, “शेयरधारक की मंजूरी चुनौतियों से घिरे कारोबार को आगे बढ़ाने के हमारे निरंतर प्रयास में एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसे हम धीरे-धीरे लेकिन निश्चित रूप से एक-एक कर हल कर रहे हैं।”

बता दें कि बायजूज़ (BYJU’S) एक भारतीय बहुराष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी कंपनी है, जिसका मुख्यालय बैंगलोर में है। इसकी स्थापना 2011 में बायजू रवींद्रन और उनकी पत्नी दिव्या गोकुलनाथ ने की थी। 

Asmita Sarkar

Add comment

Most popular