Edinbox Hindi

ट्रंप का वादा, अमेरिका में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों को वापस जाने से रोकने के लिए देंगे ग्रीन कार्ड

ट्रंप का वादा, अमेरिका से स्नातक करने वाले छात्रों को भारत वापस जाने से रोकने के लिए देंगे ग्रीन कार्ड  

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आव्रजन पर अपने रुख को नरम करते हुए बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा है कि जो विदेशी छात्र अमेरिका से स्नातक की पढ़ाई करते हैं, उन्हें अपने आप अमेरिका में रहने और काम करने के लिए ग्रीन कार्ड दिया जाएगा, ताकि उन्हें भारत और चीन जैसे देशों में वापस जाने से रोका जा सके, जहां वे अरबपति बन जाते हैं। 

अमेरिका में नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले अप्रवास और अवैध अप्रवासियों का मुद्दा गर्मा रहा है। हालांकि, ट्रंप ने हमेशा योग्यता-आधारित कानूनी आव्रजन प्रणाली का समर्थन किया है। वाशिंगटन में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति 78 वर्षीय ट्रंप ने कहा, ‘मैं जो करना चाहता हूं और जो करूंगा, वह यह है कि अगर आप (विदेशी छात्र) किसी कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल करते हैं तो मुझे लगता है कि आपको अपने आप ही इस देश में रहने के लिए ग्रीन कार्ड मिल जाना चाहिए। इसमें जूनियर कॉलेज भी शामिल हैं।’

ग्रीन कार्ड, जिसे आधिकारिक तौर पर स्थायी निवासी कार्ड के रूप में जाना जाता है, एक पहचान दस्तावेज है जो दिखाता है कि किसी व्यक्ति के पास संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थायी रहने का हक है। 

रिपब्लिकन पार्टी की ओर से संभावित उम्मीदवार ट्रंप ने अफसोस जताते हुए कहा, ‘ऐसी कहानियां हैं जहां लोग किसी शीर्ष कॉलेज या कॉलेज से स्नातक होते हैं और वे यहां रहना चाहते हैं। उनके पास कंपनी बनाने की योजना होती है, मगर वे ऐसा नहीं कर पाते और वह भारत-चीन जैसे देशों में वापस चले जाते हैं,  वे उन जगहों पर भी वही बुनियादी कंपनी चलाते हैं। बाद में हजारों-हजारों लोगों को रोजगार देकर बहु-अरबपति बन जाते हैं। ऐसा यह लोग यहां भी कर सकते थे। 

ट्रंप ने STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) क्षेत्र में उच्च शिक्षा संस्थान से डिग्री प्राप्त करने के बाद विदेशी छात्रों को ग्रीन कार्ड मिलने के बारे में अपनी पहली अवधि की नीति दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर आप (विदेशी छात्र) किसी कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल करते हैं तो मुझे लगता है कि आपको अपने आप ही इस देश में रहने के लिए ग्रीन कार्ड मिल जाना चाहिए।

 उन्होंने कहा, कोई व्यक्ति जो स्नातक में बेहतर प्रदर्शन करता है, वो कंपनी के साथ कोई सौदा भी नहीं कर सकते क्योंकि उन्हें नहीं लगता कि वे देश में रह पाएंगे। मगर अब यह खत्म होने वाला है। इसे पहले दिन ही खत्म कर दिया जाएगा। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed