
अमेरिका में इंटर्नशिप करने के इच्छुक भारतीय छात्रों के लिए यह खबर महत्वपूर्ण है। अब भारतीय छात्रों को यूएस की कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर तलाश करने में आसानी होगी। अमेरिकी कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर तलाशने में भारतीय छात्रों की मदद के लिए न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक समर्पित प्लेटफॉर्म शुरू किया है। दूतावास ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है। यानी अगर आप भी अमेरिका की कंपनियों में इंटर्नशिप करने की इच्छा रखते हैं तो इस वेबसाइट के जरिये आपके लिए मौके को खोजना आसान हो जाएगा।
दरअसल, न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास (Consulate General of India) ने भारतीय छात्रों के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर खोजने के लिए एक समर्पित मंच शुरू किया है। यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिये साझा की गई है। इस पोस्ट को @IndiainNewYork हैंडल से शेयर किया गया है।
पोस्ट में वाणिज्य दूतावास ने घोषणा की है, “अपने अधिकार क्षेत्र में भारतीय छात्रों का समर्थन करने की पहल के हिस्से के रूप में, न्यूयॉर्क में भारत ने भारतीय छात्रों के लिए यूएसए की कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर खोजने के लिए एक मंच विकसित किया है। कई भारतीय और अमेरिकी कंपनियां और संगठन योग्य भारतीय छात्रों को इंटर्नशिप के मौके देने पर विचार करने के लिए सहमत हो गए हैं।”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए इस पोस्ट में इसके लिए आवेदन लिंक भी दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार indiainnewyork.gov.in/job/index से आवेदन कर सकते हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में छात्रों को पोर्टल में दिए गए विवरण के अनुसार सीधे कंपनियों में आवेदन करने की सलाह भी दी गई है। कहा गया है कि छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे पोर्टल में दिए गए विवरण के अनुसार सीधे कंपनियों में आवेदन करें। कृपया ध्यान दें कि इंटर्नशिप के लिए सिलेक्शन में वाणिज्य दूतावास की कोई भूमिका नहीं है और न ही वह इसके लिए जिम्मेदार है।
दूतावास ने यह भी बताया, ”इंटर्नशिप के अलावा, यह पोर्टल भारतीय छात्रों को मनोवैज्ञानिक और स्वास्थ्य संबंधी सलाह देने वाले विशेषज्ञों के बारे में भी जानकारी प्रदान करता है। भारतीय छात्र और प्रवासी कानूनी सहायता या मार्गदर्शन के लिए न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 10 राज्यों के कानूनी विशेषज्ञों और वकीलों से संपर्क कर सकते हैं।”
पोर्टल में फाइनेंस, आईटी, निवेश बैंकिंग, ऑटोमोटिव, सॉफ्टवेयर, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, होटल, बहुराष्ट्रीय निगम, सरकारी एजेंसियां, विमानन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फार्मा सहित कई क्षेत्रों में पदों की सूची दी गई है। बता दें कि न्यूयॉर्क में भारत का महावाणिज्य दूतावास कनेक्टिकट, मेन, मैसाचुसेट्स, न्यू हैम्पशायर, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, ओहायो, पेंसिल्वेनिया, रोड आइलैंड और वर्मोंट राज्यों को सेवाएं प्रदान करता है।




Add comment