Edinbox Hindi

किताबों-कहानियों के ज़रिये यूं ज़िन्दगी का पाठ पढ़ा रहीं आलिया

दुनिया के सौ सबसे ज्यादा प्रभावशाली लोगों की इस साल की सूची में शामिल खूबसूरत अभिनेत्री आलिया भट्ट हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय ब्रांड लॉरियल की ग्लोबल ब्रांड अंबेसडर भी बनी हैं। इससे पहले बीते दिनों उन्होंने अभिनय की दुनिया में अपना लोहा मनवाने के बाद आलिया भट्ट ने स्टोरीटेलिंग की दुनिया में कदम रखा था। बच्चों के लिए ‘एड फाइंड्स ए होम’ नाम से अपनी पहली पिक्चर बुक लॉन्च कर।  साथ ही उनकी नई फिल्म ‘जिगरा’ भी अगले महीने रिलीज हो रही है। ऐसे में वह लगातार सुर्ख़ियों में हैं। मगर उनकी सुर्खियां ज़्यादातर अभिनय से इतर हैं। पढ़ने-पढ़ाने और जीवन का मर्म सिखाने वाली उनकी पहल के कारण। 

जी हां, अभिनेत्री आलिया भट्ट किताबों-कहानियों के ज़रिये ज़िन्दगी का पाठ ही पढ़ा रहीं हैं। बच्चों को पढ़ने की दुनिया में उतरने के लिए पढ़ना सिखा रही हैं। मगर प्रवचन देकर नहीं, बल्कि उनकी रूचि के अनुरूप  कहानियों की किताबों के माध्यम से। आलिया दरअसल किताबों की एक सीरीज पर काम कर रही हैं और इसी क्रम में उन्होंने बीते दिनों बच्चों के कपड़ों के ब्रांड ‘एड-ए-मम्मा’ के तहत बच्चों की पिक्चर बुक की सीरीज की पहली किताब ‘एड फाइंड्स ए होम’ पेश की है। 

आलिया की किताब ‘एड फाइंड्स ए होम’ बच्चों की किताब की एक सीरीज है जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी में प्रकृति के प्रति प्रेम को प्रेरित करना है। बीते दिनों मुंबई में जियो वर्ल्ड ड्राइव में आयोजित बच्चों के साहित्य उत्सव, स्टोरीवर्स में इस पुस्तक का विमोचन किया गया।

अपनी इस नई भूमिका को लेकर आलिया ने इंस्टाग्राम पर किताब के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की। तस्वीर साझा करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, ‘एक नया रोमांच शुरू हो रहा है ‘एड फाइंड्स ए होम’ एड-ए-मम्मा की दुनिया से किताबों की एक नई सीरीज की शुरुआत है।’ आलिया ने लिखा, मेरा बचपन कहानियों और कहानीकारों से भरा था और एक दिन मैंने अपने अंदर के उस बच्चे को बाहर लाने और बच्चों के लिए किताबों में डालने का सपना देखा, मैं अपने साथी कहानीकारों की आभारी हूं। जिन्होंने अपने शानदार विचारों, इनपुट और कल्पना से हमारी पहली किताब को जीवंत करने में मदद की। इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं।

इससे पहले आलिया ने अपने पसंदीदा कहानीकार अपने दादा को उनकी जयंती पर याद किया था और उनकी जयंती पर बचपन की कुछ अनदेखी तस्वीरें भी साझा की थी। तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘मेरे पसंदीदा कहानीकार, जन्मदिन मुबारक दादाजी, आप और आपकी कहानियां हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।’

दरअसल, आलिया भट्ट की बेटी राहा भी नवंबर में दो साल की हो जाएंगी। वह कहती हैं, “दो महीने बाद हम राहा की दूसरी सालगिरह मना रहे होंगे। राहा की उम्र के बच्चों में प्रकृति से बातें करने का अलग ही हुनर होता है। हमें लगता है कि ये उनका बचपना है लेकिन ऐसा भी तो हो सकता है कि बचपन में हम वाकई पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों से बातें कर सकते हों और अपने माता-पिता को बता न पाते हों। मेरी कोशिश बच्चों में इसी प्रकृति प्रेम को पनपाने की है।”

बहरहाल, आलिया भट्ट ने अपनी कॉमिक्स बुक्स सीरीज बच्चों में प्रकृति प्रेम को बढ़ाने के लिए शुरू की है। आलिया बताती हैं, “मैंने जो बच्चों की पुस्तकों की सीरीज शुरू की, उसे लेकर राहा भी खूब उत्साहित रहती है। सोते समय अपनी बेटी को कहानियां सुनाना मेरा पसंदीदा शौक बन चुका है। कम से कम तीन कहानियों तो वह मुझसे सुनकर ही सोती है। और, कहानियां सुनाने की ये विरासत मुझे अपनी मां और नानी से मिली है। राहा अभी से किताबों की तरफ खूब आकर्षित होती है।”

आलिया भट्ट मानती हैं कि बच्चों की आदतें आसपास के वातावरण को देखकर बनती हैं। वह कहती हैं, “यदि छोटे बच्चों के सामने हम लगातार मोबाइल, लैपटॉप या टीवी पर व्यस्त रहेंगे तो वह भी वैसा ही करेंगे। बच्चों के सामने अखबार पढ़ने, किताबें पढ़ने या एक दूसरे से बातें करने की कोशिशें करने से उनमें भी ये पढ़ने-सुनने के संस्कार आते हैं, ऐसा मेरा पक्का मानना रहा है। कम से कम राहा में हम ऐसा होता देख भी रहे हैं।” 

वह कहती हैं चित्रकथाओं की जो सीरीज मैंने शुरू की है, मेरा इरादा उन किरदारों को लेकर एनीमेशन सीरीज बनाने का भी रहा है। मैं चाहती हूं कि देश में बच्चों का सिनेमा खूब फले फूले।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed