कनाडा की जस्टिन ट्रूडो सरकार ने इस साल इंटरनेशनल स्टूडेंट वीजा को लेकर बड़ी घोषणा की है। प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारी सरकार ने वीजा में कटौती का फैसला किया है। जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि कुछ लोग हमारी इमिग्रेशन पॉलिसी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
कनाडा ने अप्रवासन नियमों में सख्ती करते हुए अप्रवासी कामगारों की संख्या पर लगाम लगाई है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय छात्रों को जारी किए जाने वाले वीजा की संख्या भी कम की गई है। गौरतलब है कि कनाडा ने इस साल यानी 2024 में 35 फीसदी कम 4,85,000 अंतरराष्ट्रीय छात्रों को वीजा जारी किए हैं। अगले साल कनाडा सरकार इसमें भी 10 प्रतिशत की कटौती कर इसे 4,37,000 करने का एलान कर चुकी है।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा कि ‘हम इस साल 35 प्रतिशत कम अंतरराष्ट्रीय छात्रों को कनाडा आने की इजाजत दे रहे हैं। अगले साल इन नंबर्स में भी 10 फीसदी की कमी की जाएगी। हमारी अर्थव्यवस्था के लिए अप्रवासन एक फायदेमंद चीज हैं, लेकिन जब कुछ लोग इस व्यवस्था का गलत फायदा उठाते हैं और छात्रों को दिए लाभ का इस्तेमाल करते हैं तो हम उन पर लगाम भी लगाते हैं।’
बात 2023 की करें तो तकरीबन 5,09,390 वीजा जारी किए गए थे। वहीं, इस साल 2024 में अभी तक 1,75, 920 वीजा जारी किए गए हैं। इस मसले पर कनाडा के विदेश मंत्री मार्क मिलर ने कहा कि हमारे देश कनाडा में आना लोगों का विशेषाधिकार था, लेकिन अधिकार किसी का भी नहीं है। सच्चाई यह है कि जो भी शख्स कनाडा आता है वह वापस जाना नहीं चाहता। सभी लोग यहीं बसना चाहते हैं। मिलर ने कहा कि जो लोग कनाडा आने की सोच रहे हैं, उनमें से कई लोग अब यहां नहीं आ पाएंगे।




Add comment