
मौजूदा दौर में एजुकेशन टेक यानी एडटेक (EdTech) ऐप/वेबसाइट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऑनलाइन क्लासेज के फायदे भी कई हैं, जिसमें सबसे पहले समय की बचत, धन की बचत, स्वास्थ्य की सुरक्षा और पढ़ाई के साथ स्किल्स डेवलप करने का मौका भी है। आज बड़ी तादाद में एडटेक प्लेटफॉर्म आ चुके हैं जो ऑनलाइन शिक्षा दे रहे हैं। लेकिन सवाल उठता है कि सही प्लेटफॉर्म का चुनाव कैसे करें।
एजुकेशन के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का चुनाव करने के लिए सबसे पहले इसके कंटेंट पर ध्यान देना चाहिए कि यह हमारे लिए कितना अच्छा और उपयोगी है। अगर आप अच्छे कंटेंट से समझेंगे तो आपको कुछ भी जल्द और आसानी से समझ आ जाएगा। इसके साथ ही आपको अपनी स्किल्स डेवलप करने में भी मदद मिलती है, इसलिए इस बात का ध्यान रखकर प्लेटफॉर्म चुनें।
मजबूत शैक्षणिक आधार
जिस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आप पढ़ने जा रहे हैं, उसके बारे में पता कर लें कि उसका पढ़ाने के लिए मजबूत शैक्षणिक आधार हो और अपने शैक्षणिक मूल्य और प्रभाव को दर्शाने के लिए उसके पास पर्याप्त डेटा हो। उस प्लेटफार्म के बारे में ऑनलाइन जांच करें। इसके लिए ऐसी साइट्स भी हैं जो एडटेक ऐप/वेबसाइट का मूल्यांकन करती हैं। जैसे ‘कॉमन सेंस मीडिया’। साथ ही सिर्फ पढ़ाना काफी नहीं है, एडटेक प्लेटफॉर्म को क्रिएटिविटी बढ़ाने वाला भी होना चाहिए।
प्राइवेसी को प्राथमिकता
जिस प्लेटफार्म पर आप पढ़ने जा रहे हैं उसकी सेफ्टी पॉलिसी स्पष्ट होनी चाहिए। ताकि आपको किस तरह के बुलीइंग, शोषण या अन्य सुरक्षा जोखिमों का सामना न करना पड़े। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि वह डेटा सुरक्षित रखता हो और उसे थर्ड पार्टी को न बेचता हो।
स्टडी मैटेरियल और ऑफर
आज के समय में कई ऐसे प्लेटफॉर्म हैं, जो विभिन्न कोर्स कराते हैं। आपको किसी भी प्लेटफॉर्म पर जाकर उसके स्टडी मैटेरियल को देखना चाहिए कि वो आपको पढ़ने के लिए क्या-क्या उपलब्ध करा रहा है। साथ ही ये भी देखें कि स्टडी मैटेरियल फ्री में है या उसके लिए प्लेटफॉर्म अलग से रुपये ले रहा है और इस बात पर ध्यान दें कि प्लेटफॉर्म आपको कौन-कौन से कोर्स ऑफर कर रहा है।
प्लेटफॉर्म का फॉर्मेट
ऑनलाइन पढ़ाई के लिए प्लेटफार्म का चुनाव करने से पहले उसके फॉर्मेट को समझें। कई प्लेटफॉर्म ऐसे होते हैं, जिनका उपयोग करना थोड़ा मुश्किल होता है और कुछ पर सब कुछ बहुत ही आसान होता है। आप आसानी से सभी वीडियो, कंटेंट और लेक्चर आदि तक पहुंच पाते हैं। कुछ भी ढूंढने में आपको परेशानी नहीं होती है। ऐसे प्लेटफार्म का चयन करने से आपको पढ़ने में आसानी होगी और आप आराम से उसका लाभ उठा पाएंगे।
दूसरों की भी सलाह लें
प्लेटफार्म के चुनाव के दौरान आपको अगर कोई कन्फ्यूजन होता है तो आप अपने शिक्षक, मित्र और सीनियर से सलाह ले सकते हैं। आप उन से पूछें कि वे किस प्लेटफॉर्म से पढ़ाई कर रहे हैं और उससे उन्हें क्या-क्या फायदे हुए हैं। इससे आपको मदद मिलेगी।
प्लेटफार्म की रेटिंग
किसी भी प्लेटफार्म को चुनने के लिए रेटिंग पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। आपको देखना चाहिए कि लोगों ने उसके बारे में क्या बोला है। इसके बाद समझें कि कौन सा प्लेटफार्म आपके लिए ज्यादा उपयोगी और सही है। साथ ही अंतिम निर्णय लेने से पहले प्लेटफार्म से संबंधित सारी चीजें पता कर लें जिससे कि आपको आगे कोई परेशानी न हो। अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे तो एक अच्छे प्लेटफॉर्म चुन पाएंगे।




Add comment