Edinbox Hindi

अमेरिकी विश्वविद्यालयों ने की अपने अंतरराष्ट्रीय छात्रों से अपील, ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले लौटें कैंपस 

डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए हैं। ट्रंप का शपथ ग्रहण 20 जनवरी, 2025 को है। इस दिन से वह आधिकारिक तौर पर अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर देश की कमान संभाल लेंगे। मगर उनकी वापसी से पहले ही अंतरराष्ट्रीय छात्रों और यूनिवर्सिटीज की टेंशन बढ़ गई है। इन लोगों को ट्रंप के पहले कार्यकाल की तरह ही यात्रा प्रतिबंध, वीजा समस्याएं और पॉलिसी में बदलाव का डर सताने लगा है। यही वजह है कि कई अमेरिकी विश्वविद्यालयों ने अपने अंतरराष्ट्रीय छात्रों और कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें छात्रों और कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि वे जनवरी 2025 में होने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह से पहले-पहले अमेरिका लौट आएं।

संभावना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद प्रशासन द्वारा यात्रा प्रतिबंधों को लागू किया जा सकता है। ऐसे में विश्वविद्यालयों ने अपने अंतरराष्ट्रीय छात्रों और कर्मचारियों से अमेरिका लौट आने का आग्रह किया है। ज्यादातर विदेशी छात्र सेमेस्टर ब्रेक या फिर स्टूडेंट एक्सचेंज के जरिए अमेरिका से बाहर चले जाते हैं। ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद से ही चर्चाएं हो रही हैं कि वह वीजा नियमों में बदलाव करने वाले हैं। इससे छात्रों को आसानी से स्टूडेंट वीजा मिलना मुश्किल होगा। वह कुछ देशों के छात्रों पर बैन भी लगा सकते हैं, जिससे उनके लिए यूएस के दरवाजे बंद हो जाएंगे।

डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को पद की शपथ लेंगे और उन्होंने घोषणा की है कि वे संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले दिन अर्थव्यवस्था और आव्रजन (Immigration) के मुद्दों पर कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे।

अमेरिकी विदेश विभाग, शैक्षिक और सांस्कृतिक मामलों के ब्यूरो और अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा संस्थान के आंकड़ों के अनुसार, भारत और चीन से संयुक्त राज्य अमेरिका में सभी अंतरराष्ट्रीय छात्रों का लगभग आधा (54 प्रतिशत) हिस्सा हैं।

वेस्लेयन आर्गस की रिपोर्ट में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए यही बेहतर है कि वे सोमवार, 20 जनवरी, 2025 को राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण करने और उनके द्वारा आव्रजन-संबंधी नीतियां लागू करने से पहले 19 जनवरी और उसके बाद वसंत सेमेस्टर के दिनों में अमेरिका में शारीरिक रूप से मौजूद रहें।

राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के एक सप्ताह के भीतर, ट्रम्प ने जनवरी 2017 में सात मुस्लिम बहुल देशों – इराक, सीरिया, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन – के नागरिकों पर 90 दिनों के लिए अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिससे समुदायों में बड़े पैमाने पर व्यवधान पैदा हुआ और नागरिक अधिकार संगठनों में आक्रोश और चिंता पैदा हुई।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed