Edinbox Hindi

2050 तक मोटापे से प्रभावित हो सकती है एक तिहाई भारतीय आबादी, लैंसेट की स्टडी में हुआ खुलासा 

मोटापा अब वैश्विक चिंता का कारण बन चुका है और भारत में भी इसकी समस्या तेजी से बढ़ रही है। 2022 की लैंसेट स्टडी के अनुसार, भारत में 44 मिलियन (4.4 करोड़) महिलाएं और 26 मिलियन (2.6 करोड़) पुरुष मोटापे से प्रभावित थे। हाल के शोध से यह भी संकेत मिलते हैं कि यदि वर्तमान गति से मोटापा बढ़ता रहा, तो अगले कुछ दशकों में भारत में मोटापे से पीड़ित लोगों की संख्या में भारी वृद्धि हो सकती है।

आजकल मोटापा केवल पश्चिमी देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय आबादी, बच्चों से लेकर वृद्धों तक, इसका शिकार हो रही है। इस बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोटापे को नियंत्रित करने के प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

भारत में मोटापे के खतरे को लेकर द लैंसेट द्वारा प्रकाशित एक अध्ययन में भयावह आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अगले 25 वर्षों में यानी 2050 तक भारत की लगभग एक तिहाई आबादी मोटापे से ग्रस्त हो सकती है। इसका मतलब है कि अगले दो दशकों में लगभग 44.9 करोड़ लोग मोटापे का शिकार हो सकते हैं।

इससे पहले राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-5) ने भी संकेत दिया था कि वर्तमान में देश की हर चार में से एक व्यक्ति मोटापे की समस्या से जूझ रहा है। खासकर बच्चों और युवाओं में मोटापे का बढ़ता प्रचलन भविष्य में स्वास्थ्य क्षेत्र पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।

भारत मोटापे के संकट में तीसरे स्थान पर
लैंसेट के एक और अध्ययन में भारत को दुनिया के शीर्ष तीन मोटापाग्रस्त देशों में से एक बताया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की 70% शहरी आबादी मोटापे या अधिक वजन वाली श्रेणी में आती है, जिससे देश में मोटापे का संकट बढ़ रहा है। अमेरिका और चीन के बाद भारत मोटापे के सबसे अधिक शिकार देशों में तीसरे स्थान पर है।

मोटापे के कारण
मोटापे के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे जीवनशैली में बदलाव और अस्वस्थ आहार। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि शारीरिक रूप से कम सक्रिय रहने वाले लोगों में मोटापे का खतरा ज्यादा होता है। इसके अलावा, बढ़ती हुई तकनीकी निर्भरता, खासकर मोबाइल, लैपटॉप और टीवी जैसे उपकरणों का ज्यादा उपयोग, शारीरिक निष्क्रियता को बढ़ावा देता है, जिससे वजन बढ़ने का जोखिम अधिक हो सकता है।

मोटापे से बचने के उपाय
– आहार विशेषज्ञों के अनुसार, वजन को कंट्रोल करने के लिए निम्नलिखित उपायों को अपनाया जा सकता है:
– भोजन में विभिन्न प्रकार के फल, सब्जियां, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन और स्वस्थ वसा वाली चीजें शामिल करें।
– खूब पानी पिएं और पूरे दिन हाइड्रेटेड रहें, जिससे भूख को नियंत्रित किया जा सके।
– सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम-तीव्रता वाले व्यायाम का लक्ष्य रखें।
– पैकेज्ड और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का सेवन कम से कम करें।
– तनाव कम करें, क्योंकि अधिक तनाव लेने से वजन बढ़ने का खतरा ज्यादा होता है।

मोटापे को नियंत्रित करने के लिए इन उपायों को अपनाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इसके प्रभावों से बचा जा सके।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed