
जब दुनिया की सबसे कठिन डिग्रियों की बात होती है, तो आमतौर पर मेडिकल, मैथ्स और फिजिक्स जैसे विषय सबसे पहले दिमाग में आते हैं। लेकिन इन पारंपरिक क्षेत्रों के अलावा भी कई कोर्स ऐसे हैं, जिन्हें पढ़ना और डिग्री हासिल करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। किसी भी डिग्री की कठिनाई को आमतौर पर दो चीजें तय करती हैं – पहला, कोर्स की डिमांड (कितनी मेहनत और समर्पण चाहिए) और दूसरा, उसका कंटेंट (विषय की जटिलता)। Study International ने ऐसे ही 10 सबसे कठिन डिग्रियों की सूची जारी की है, जो छात्रों की सबसे ज्यादा परीक्षा लेती हैं:
1. एयरोस्पेस इंजीनियरिंग
यह कोर्स गणित और विज्ञान के कई जटिल नियमों पर आधारित होता है – जैसे कैलकुलस, ट्रिग्नोमेट्री और अल्जेबरा। इसमें आपको फिजिक्स और केमिस्ट्री की भी मजबूत समझ होनी चाहिए। एयरोस्पेस इंजीनियरिंग को विषयवस्तु के हिसाब से सबसे कठिन कोर्स में गिना जाता है।
2. बायोमेडिकल इंजीनियरिंग
इस कोर्स में तकनीक के जरिये ऐसी मशीनें और डिवाइसेस विकसित की जाती हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाती हैं – जैसे पेसमेकर, इंसुलिन पंप या 3D प्रिंटेड अंग। छात्रों को बायोलॉजी, मेडिकल साइंस, फिजिक्स, कंप्यूटर साइंस जैसे कई विषयों में दक्ष होना पड़ता है।
3. लॉ (विधि)
एलएलबी जैसे कोर्स में छात्रों को संविधान, आपराधिक कानून और सिविल कानून जैसे विषयों को गहराई से समझना होता है। अंग्रेज़ी में कुशल न होने पर यह कोर्स और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसके साथ ही बार परीक्षा पास करना भी जरूरी होता है।
4. चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA)
यह डिग्री भी लॉ की तरह ही कठिन मानी जाती है। इसमें छात्रों को अकाउंटिंग के साथ-साथ टैक्सेशन, ऑडिटिंग, और फाइनेंशियल मैनेजमेंट के कई मॉड्यूल पढ़ने होते हैं। डिग्री में 3 से अधिक साल का समय लग सकता है और ट्रेनिंग भी जरूरी होती है।
5. आर्किटेक्चर
यह कोर्स सिर्फ इमारतों की डिजाइन तक सीमित नहीं है। इसमें गणित, ज्योमेट्री, ट्रिग्नोमेट्री और फिजिक्स के जटिल सिद्धांतों की गहरी समझ होनी चाहिए। कई देशों में आर्किटेक्ट बनने के लिए लाइसेंस परीक्षाएं भी देनी होती हैं।
6. मेडिकल कोर्स (MBBS)
डॉक्टर बनने की राह सबसे लंबी और कठिन होती है। इसमें न केवल थ्योरी और क्लिनिकल ट्रेनिंग होती है, बल्कि रेजिडेंसी और स्पेशलाइजेशन जैसी प्रक्रियाएं भी शामिल होती हैं। शरीर के आंतरिक अंगों के नाम से लेकर दवाइयों तक सब कुछ याद रखना होता है।
7. नर्सिंग
इस कोर्स में छात्रों को स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी तकनीकी और मानवीय दोनों तरह की स्किल्स सीखनी होती हैं। इसमें बायोसाइंस की गहरी समझ के साथ-साथ लोगों से संवाद और सेवा भाव की भी आवश्यकता होती है।
8. डेंटिस्ट्री
डेंटल साइंस की पढ़ाई में छात्रों को मुंह, दांत और उससे जुड़ी बीमारियों का इलाज और रोकथाम सिखाई जाती है। इसमें एनाटॉमी, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और एपिडेमियोलॉजी जैसे जटिल विषय पढ़ने होते हैं।
9. साइकॉलॉजी (मनोविज्ञान)
मानव मस्तिष्क और व्यवहार की गहराइयों को समझना आसान नहीं होता। इस कोर्स में बायोलॉजी, समाजशास्त्र, दर्शन, राजनीति और मानव विकास जैसे विषय शामिल होते हैं, जो इसे और भी चुनौतीपूर्ण बना देते हैं।
10. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
AI कोर्सेज अब तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, लेकिन इसे सीखना आसान नहीं है। इसमें न्यूरोसाइंस, लैंग्वेज साइंस, कॉग्निटिव साइंस और एडवांस मैथ्स की जानकारी जरूरी होती है। चैटबॉट्स और ऑटोमेशन सिस्टम्स जैसे तकनीकी विकास के पीछे यही ज्ञान काम आता है।
इन डिग्रियों में दाखिला लेना जितना मुश्किल है, उन्हें पूरा करना उससे कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। अगर आप इन क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपको समर्पण, मेहनत और मानसिक दृढ़ता की ज़रूरत होगी।




Add comment