Edinbox Hindi

स्कूल शिक्षा में जनसंचार को शामिल करने की मांग तेज़, विशेषज्ञों की बैठक में प्रस्ताव पारित

देशभर के जनसंचार विशेषज्ञों और पूर्व छात्रों की एक ऑनलाइन बैठक में यह मांग प्रमुखता से उठी कि स्कूलों में मास कम्युनिकेशन को विषय के रूप में शामिल किया जाए और इसे केवल उन्हीं शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जाए, जो इस क्षेत्र में औपचारिक शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव रखते हों। यह बैठक 4 मई को आयोजित पिछली बैठक की अगली कड़ी थी, जिसमें यह साझा राय बनी थी कि बदलते समय में जनसंचार को स्कूली शिक्षा में स्थान मिलना चाहिए।

अन्य विषयों की तरह जनसंचार भी बने स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा
बैठक में वक्ताओं ने सुझाव दिया कि जिस प्रकार संगीत, कला, योग और नृत्य जैसे विषय स्कूल पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं, उसी प्रकार मास कम्युनिकेशन को भी वैकल्पिक या अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया जाना चाहिए।

फिलहाल कुछ निजी स्कूलों में सामाजिक विज्ञान के अंतर्गत जनसंचार से जुड़े अध्याय पढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें विषय-विशेषज्ञों के बजाय अन्य शिक्षक पढ़ाते हैं, जिससे छात्रों को विषय की गहराई से समझ नहीं मिल पाती।

मीडिया साक्षरता: समय की मांग
वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में, जब हर छात्र स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से जुड़ा है, मीडिया साक्षरता एक अनिवार्य जीवन-कौशल बन गई है। छात्रों को सूचना की पहचान, तथ्य की जांच और जिम्मेदार संप्रेषण जैसे जरूरी पहलुओं की शिक्षा दी जानी चाहिए।

नए करियर अवसर और रोजगार की संभावनाएं
बैठक में यह विचार भी सामने आया कि स्कूली स्तर पर जनसंचार विषय को शामिल करने से छात्रों के लिए नए करियर विकल्प खुलेंगे। साथ ही, जनसंचार की पढ़ाई कर चुके विशेषज्ञों को स्कूलों में पढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी।

नीति निर्माताओं तक पहुंचेगी मांग
सभी प्रतिभागियों ने निर्णय लिया कि एक ठोस प्रस्ताव तैयार कर NCERT, CBSE, SCERT, शिक्षा मंत्रालय और सभी राज्यों के शिक्षा विभागों को भेजा जाएगा, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर इस विषय की शुरुआत सुनिश्चित की जा सके।

इस बैठक में डॉ. मुंकेश शुक्ल, देवेश विश्वकर्मा, सचिन यादव, आनंद कुमार, हरिशंकर सोनी, श्रीदाम ढ़ाली, नवनीत शर्मा अमन, ज्योति, अनिल सहित कई अतिथि शिक्षक, शोधार्थी और छात्र मौजूद रहे। सभी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि जनसंचार को एक मिशन मानते हुए इसे योग्य और प्रशिक्षित हाथों में सौंपा जाना चाहिए।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed