
देश में युवाओं का बेहतर वेतन के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन करना कोई नई बात नहीं है। पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जैसे मेट्रो शहरों में नौकरी ढूंढना एक आम चलन रहा है। लेकिन अब इस ट्रेंड में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है।
Indeed के हालिया सर्वे के अनुसार, अब हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे शहर भी मोटी सैलरी देने के मामले में तेजी से उभर रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि इन शहरों में वेतन वृद्धि की रफ्तार पारंपरिक मेट्रो शहरों की तुलना में अधिक है।
इस सर्वे में देशभर के 1300 से ज्यादा नियोक्ताओं और 2500 से अधिक कर्मचारियों से बातचीत की गई। इसमें फ्रेशर्स से लेकर अनुभवी प्रोफेशनल्स तक की सैलरी, खर्च, जीवनशैली और काम के दबाव जैसे कई पहलुओं पर रिसर्च की गई।
फ्रेशर्स के लिए चेन्नई सबसे फायदेमंद
रिपोर्ट के मुताबिक, करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं के लिए चेन्नई सबसे बेहतर विकल्प बनकर सामने आया है। यहां फ्रेशर्स को औसतन ₹30,100 प्रतिमाह वेतन मिल रहा है। वहीं, 5 से 8 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स के लिए हैदराबाद सबसे आकर्षक शहर बन चुका है, जहां एवरेज सैलरी ₹69,700 प्रतिमाह तक पहुंच गई है।
बड़े शहरों में सैलरी भी कम पड़ने लगी
दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में अवसर तो हैं, लेकिन वहां की महंगाई लोगों की आय पर भारी पड़ रही है। सर्वे में 69% लोगों ने माना कि उनकी सैलरी शहर की लागत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
दिल्ली में यह आंकड़ा 96% तक पहुंच गया है, जबकि मुंबई में 95%, पुणे में 94% और बेंगलुरु में 93% लोगों ने यही बात कही। बढ़ते किराए, ट्रैवल खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों की महंगी कीमतें इसकी मुख्य वजह हैं।
युवाओं की नई पसंद – उभरते शहर
अब युवा उन शहरों को प्राथमिकता देने लगे हैं जहां रहने का खर्च कम हो और वेतन अपेक्षाकृत बेहतर मिले। हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद अब ऐसे नए विकल्प बनकर उभर रहे हैं, जहां प्रोफेशनल्स को अच्छा वेतन और संतुलित जीवनशैली दोनों मिल रहे हैं।




Add comment