
फिल्मों में उड़ते सुपरहीरो, समंदर की रहस्यमयी दुनिया, या कार्टून किरदारों की जीवंत भाव-भंगिमाएं—यह सब किसी जादू से नहीं, बल्कि एनिमेशन और वीएफएक्स की तकनीकी कला से संभव होता है। आज ये क्षेत्र केवल तकनीक नहीं, बल्कि रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और करियर के अपार अवसरों का संगम बन चुके हैं।
अगर आप कुछ हटकर करना चाहते हैं, आपकी सोच रचनात्मक है, और कल्पनाओं को आकार देने का जज्बा है—तो यह क्षेत्र आपके लिए है। यह कोर्स सिर्फ डिग्री नहीं, आपकी कल्पना को आकार देने वाला मंच है।
इतने विकल्पों के बावजूद एनिमेशन क्यों?
आज नौकरी पाने से ज्यादा जरूरी है खुद को पहचान देना। एनिमेशन और वीएफएक्स कोर्स ऐसे युवा दिमागों के लिए हैं जो खुद को अभिव्यक्त करना चाहते हैं और वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं।
कई नामी संस्थान छात्रवृत्तियां भी प्रदान करते हैं, जिसकी जानकारी उनकी वेबसाइट पर उपलब्ध होती है।
यह कोर्स किनके लिए उपयुक्त है?
12वीं के बाद छात्र ग्रेजुएशन या डिप्लोमा कोर्स में दाखिला ले सकते हैं, चाहे वे किसी भी संकाय से हों। हालांकि कला विषय की पृष्ठभूमि वाले छात्रों को इस कोर्स में अतिरिक्त लाभ मिलता है।
प्रमुख कोर्स विकल्प:
– बैचलर ऑफ एनिमेशन एंड मल्टीमीडिया (3 वर्ष) – 2D/3D एनिमेशन, ग्राफिक डिज़ाइन, वीडियो एडिटिंग, वीएफएक्स आदि का समग्र ज्ञान।
– बैचलर इन एनिमेशन / बीए इन मल्टीमीडिया
– एमए इन मल्टीमीडिया
– डिप्लोमा इन क्लासिकल / ब्रॉडकास्ट एनिमेशन
– सर्टिफिकेट कोर्स इन 3डी स्टूडियो मैक्स / माया
– पीजी डिप्लोमा इन ग्राफिक एंड एनिमेशन
करियर के अवसर:
एनिमेशन और वीएफएक्स में दक्षता हासिल करने के बाद आप इन क्षेत्रों में काम कर सकते हैं:
– फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री
– वीडियो गेम डेवेलपमेंट
– डिजिटल मीडिया, मोबाइल ऐप्स, विज्ञापन
– एजुकेशन टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, आर्किटेक्चर विज़ुअलाइजेशन
जरूरी योग्यता: रंग, आकृति और अनुपात की समझ, सृजनशील सोच और तकनीकी कौशल।
संस्थान का चयन कैसे करें?
संस्थान चुनते समय इन बातों पर ज़रूर ध्यान दें:
– प्रैक्टिकल व थ्योरी का संतुलन
– फैकल्टी की गुणवत्ता और पढ़ाने की शैली
– प्लेसमेंट रिकॉर्ड
– टेक्निकल लैब्स, सॉफ्टवेयर और इन्फ्रास्ट्रक्चर
प्रमुख संस्थान
जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली – www.jmi.ac.in
माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल – www.mcu.ac.in
टीजीसी एनिमेशन एंड मल्टीमीडिया संस्थान, देहरादून – www.tgcdehradun.com
अगर आप कल्पना को साकार करने का हुनर रखते हैं, तो यह क्षेत्र सिर्फ एक कोर्स नहीं, बल्कि आपके सपनों को रंग देने का जरिया बन सकता है।




Add comment