
सरकारी नौकरी का ज़िक्र होते ही ज़्यादातर लोगों के दिमाग में IAS या IPS का ख्याल आता है, लेकिन पब्लिक सर्विस का दायरा इससे कहीं बड़ा है। यह सिर्फ प्रशासनिक कुर्सी तक सीमित नहीं, बल्कि हेल्थ, एजुकेशन, पॉलिसी, एनजीओ और रिसर्च के जरिए समाज में बदलाव लाने का एक व्यापक मंच है। अगर आपके अंदर करियर के साथ-साथ लोगों की ज़िंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का जज़्बा है, तो पब्लिक सर्विस आपके लिए एक आदर्श विकल्प हो सकता है।
पब्लिक सर्विस: सिर्फ नौकरी नहीं, एक मिशन
आईएएस रियाज़ अहमद के अनुसार, पब्लिक सर्विस में करियर बनाना केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि एक मिशन से जुड़ना है। इसमें आने के लिए सबसे पहले अपना फोकस तय करना ज़रूरी है—चाहे वह प्रशासन, हेल्थ, एजुकेशन, पॉलिसी या सोशल वर्क हो। मज़बूत अकादमिक पृष्ठभूमि के साथ ग्राउंड-लेवल अनुभव इस क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। इसके लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ इंटर्नशिप, वॉलंटियरिंग और रिसर्च प्रोजेक्ट्स में भाग लेना फायदेमंद है। भले ही शुरुआती सैलरी प्राइवेट सेक्टर जैसी न हो, लेकिन यहां ग्रोथ, स्थिरता और समाज में सम्मान कहीं अधिक है।
टॉप करियर ऑप्शंस
सरकारी क्षेत्र
अर्बन एंड रीजनल प्लानर – शहर और ग्रामीण इलाकों के इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना
पॉलिसी एनालिस्ट – सरकारी नीतियों की समीक्षा और सुधार
पब्लिक एडमिनिस्ट्रेटर – सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन
लॉ एनफोर्समेंट ऑफिसर – कानून-व्यवस्था बनाए रखना
नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइजेशन
एनजीओ मैनेजर – सामाजिक परियोजनाओं का संचालन
फंडरेजिंग मैनेजर – परियोजनाओं के लिए फंड जुटाना
एडवोकेसी स्पेशलिस्ट – सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता और नीति परिवर्तन
शिक्षा और स्वास्थ्य
टीचर/स्कूल एडमिनिस्ट्रेटर – शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना
पब्लिक हेल्थ ऑफिसर – स्वास्थ्य कार्यक्रम और रोकथाम अभियान
हेल्थकेयर एडमिनिस्ट्रेटर – अस्पताल व क्लीनिक का प्रबंधन
तैयारी का रोडमैप
एंट्रेंस एग्जाम: IAS, IPS, IFS के लिए UPSC; अन्य सरकारी पदों के लिए SSC, स्टेट PSC
स्पेशलाइज्ड डिग्री: पब्लिक पॉलिसी, सोशल वर्क, पब्लिक हेल्थ, अर्बन प्लानिंग में मास्टर्स
स्किल डेवलपमेंट: कम्युनिकेशन, लीडरशिप, रिसर्च, डेटा एनालिसिस
इंटर्नशिप: एनजीओ, रिसर्च ऑर्गनाइजेशन या सरकारी प्रोजेक्ट्स में अनुभव
ज़रूरी स्किल्स
– एनालिटिकल और प्रॉब्लम सॉल्विंग
– कम्युनिकेशन और इंटरपर्सनल
– पब्लिक डीलिंग और टीमवर्क
– पॉलिसी व सिस्टम्स की समझ
सैलरी और ग्रोथ
सरकारी नौकरियां: एंट्री लेवल पर ₹50,000–₹70,000/माह; सीनियर पोज़ीशन पर ₹1.5–₹2 लाख/माह + भत्ते
एनजीओ/इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन: ₹40,000–₹1.2 लाख/माह
स्पेशलाइज्ड कंसल्टिंग/पॉलिसी रिसर्च: ₹60,000–₹1.5 लाख/माह
करियर एक्सपर्ट डॉ. अमित निरंजन के अनुसार, कोविड के बाद हेल्थ, पब्लिक पॉलिसी और सोशल सेक्टर का महत्व काफी बढ़ा है। गवर्नमेंट प्रोग्राम्स के लिए स्किल्ड प्रोफेशनल्स की मांग तेज़ी से बढ़ रही है। इस क्षेत्र में नौकरी न सिर्फ समाज पर सीधा असर डालती है, बल्कि जॉब सिक्योरिटी, पेंशन और हेल्थ बेनिफिट्स जैसी स्थिर सुविधाएं भी देती है। समय के साथ आपकी पोजीशन और सैलरी बढ़ने के साथ-साथ समाज में आपका सम्मान भी बढ़ता है।




Add comment