
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने लोगों की ज़िंदगी आसान तो बनाई है, लेकिन इसके साथ ही कई चिंताएं भी खड़ी कर दी हैं। अक्सर रिपोर्ट्स आती हैं कि AI से नौकरियां खतरे में हैं और कंपनियां छंटनी कर रही हैं। लेकिन खतरा सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं है। फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, AI से सात बड़े नुकसान हो सकते हैं। आइए जानते हैं वे कौन-कौन से हैं:
जॉब मार्केट पर असर
AI इंसानों की तुलना में तेज और सस्ता काम कर सकता है। इससे कई सेक्टर्स में नौकरी जाने का खतरा है। खासकर सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, ग्राफिक डिजाइन और वॉयस ओवर जैसे क्षेत्रों में मशीनें इंसानों की जगह ले रही हैं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम भी इस पर चेतावनी दे चुका है।
प्राइवेसी को खतरा
AI हमारी निजी जानकारी बड़ी आसानी से इकट्ठा कर सकता है। यह न सिर्फ ऑनलाइन, बल्कि ऑफिस और सड़कों पर भी निगरानी कर सकता है। डर यह है कि भविष्य में शायद ही कोई ऐसी जगह बचे, जहां प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित हो।
पर्यावरण पर दबाव
AI को चलाने के लिए विशाल डेटा सेंटर्स की जरूरत होती है, जो भारी मात्रा में बिजली और पानी की खपत करते हैं। इससे प्रदूषण और संसाधनों की कमी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। हालांकि, कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में AI पर्यावरणीय समाधान भी दे सकता है।
हथियारों में AI का इस्तेमाल
AI आधारित हथियार बेहद एडवांस और खतरनाक हो सकते हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में रोबोट डॉग और AI कंट्रोल्ड मशीनों का इस्तेमाल देखा गया है। सबसे बड़ा खतरा यह है कि अगर ये हथियार पूरी तरह ऑटोमेटिक हो गए और गलत हाथों में चले गए, तो नुकसान गंभीर हो सकता है।
फेक न्यूज और डीपफेक
AI से नकली वीडियो, ऑडियो और इमेज आसानी से बनाए जा सकते हैं। इससे फेक न्यूज और डीपफेक का खतरा बढ़ रहा है। नेताओं के नकली वीडियो बनाकर लोगों को गुमराह करना बेहद आसान हो गया है। यह समाज में भ्रम और अविश्वास पैदा करता है।
क्रिएटिविटी की चोर
राइटर्स, पेंटर्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स का काम बिना अनुमति AI ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। बड़ी कंपनियां इससे मुनाफा कमाती हैं, लेकिन असली क्रिएटर्स को इसका फायदा नहीं मिलता। यही वजह है कि इस मुद्दे पर अदालतों में केस चल रहे हैं।
इंसानों के खिलाफ AI
फिल्मों में आपने देखा होगा कि मशीनें सोचने लगती हैं और इंसानों पर हावी हो जाती हैं। अगर AI को खुद विकसित होने और निर्णय लेने की शक्ति मिल गई, तो यह इंसानों के खिलाफ भी जा सकता है। अभी यह कल्पना है, लेकिन भविष्य में यह वास्तविक खतरा बन सकता है।
यानी, AI सिर्फ सुविधा और अवसर ही नहीं लाता, बल्कि चुनौतियां और खतरे भी साथ लाता है।




Add comment