
आज के डिजिटल युग में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। जहां पहले शिक्षक पारंपरिक तरीकों से पढ़ाते थे, वहीं अब स्मार्ट क्लास, ऑनलाइन लर्निंग और एआई टूल्स ने शिक्षण की पद्धति को नया आयाम दिया है। इन तकनीकी बदलावों ने शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारियों को भी काफी हद तक परिवर्तित किया है।
तकनीक के साथ तालमेल
आज शिक्षक स्मार्ट बोर्ड, ई-कंटेंट और वर्चुअल क्लासरूम जैसे आधुनिक साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब पढ़ाना केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्रों की रुचि बढ़ाना और उन्हें इंटरएक्टिव तरीके से जोड़ना भी उतना ही जरूरी हो गया है।
ऑनलाइन लर्निंग की नई जिम्मेदारियां
ऑनलाइन क्लासेज ने शिक्षा को घर-घर तक पहुंचा दिया है, लेकिन इसके साथ शिक्षकों की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं। स्क्रीन पर छात्रों का ध्यान केंद्रित कराना, समय पर असाइनमेंट जांचना और डिजिटल टूल्स से उनकी प्रगति पर नज़र रखना अब शिक्षण का अभिन्न हिस्सा बन गया है।
एआई टूल्स से व्यक्तिगत शिक्षा
एआई ने शिक्षा को पर्सनलाइज्ड बनाया है। अब शिक्षक बच्चों की सीखने की गति और जरूरतों को समझकर उन्हें उसी हिसाब से गाइड कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी बच्चे को गणित में अधिक अभ्यास चाहिए तो एआई टूल्स उसके लिए विशेष प्रैक्टिस तैयार कर सकते हैं। इस तरह शिक्षकों की भूमिका केवल पढ़ाने की नहीं, बल्कि तकनीक को सही दिशा में उपयोग करने की भी है।
शिक्षक: ज्ञान के स्रोत से मार्गदर्शक तक
संगीत शिक्षायतन की संस्थापक और असिस्टेंट प्रोफेसर (PWC) यामिनी शर्मा का कहना है, “स्मार्ट क्लास और ऑनलाइन लर्निंग आज की मांग हैं। इनसे शिक्षा का विस्तार हुआ है, लेकिन बच्चों की नजर में शिक्षक अब ज्ञान का मुख्य स्रोत कम और मार्गदर्शक अधिक बन गए हैं।”
उनके अनुसार, शिक्षकों का समय अब केवल पढ़ाने में नहीं जाता, बल्कि यह भी देखना होता है कि किन संसाधनों का उपयोग सबसे बेहतर तरीके से किया जा सकता है। यामिनी कहती हैं, “मैं अपने अनुभव छात्रों से साझा करने पर अधिक जोर देती हूं क्योंकि इंटरनेट पर पहले से ही कई उदाहरण उपलब्ध हैं। कला और संस्कृति से जुड़े विषयों में ऑनलाइन लर्निंग से केवल सैद्धांतिक पहलुओं को समझाया जा सकता है, लेकिन प्रायोगिक अनुभवों को समझाना कठिन हो जाता है। ऐसे में हम छात्रों को सजग, जागरूक और जिज्ञासु तो बना सकते हैं, लेकिन उन्हें पूर्ण कलाकार नहीं बना सकते।”




Add comment