
कल्पना कीजिए एक ऐसे कक्षा की, जहाँ शिक्षक कोऑर्डिनेट ज्योमेट्री, ट्रिग्नोमेट्री, या कोई गद्य या कविता पढ़ा रहे हों। कई छात्र मन ही मन सोचते हैं— “हमें यह सब क्यों पढ़ना चाहिए?” यह सवाल आम है, खासकर तब जब शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करना रह जाए, न कि इन विषयों के वास्तविक जीवन में महत्व को समझना।
उदाहरण के लिए, कोऑर्डिनेट ज्योमेट्री केवल ग्राफ पर बिंदु चिन्हित करने तक सीमित नहीं है। यह आर्किटेक्चर, इंजीनियरिंग, और GPS जैसे नेविगेशन सिस्टम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ट्रिग्नोमेट्री का उपयोग निर्माण कार्य, विमानन, और वीडियो गेम डिजाइन जैसे क्षेत्रों में होता है। इसी प्रकार, गद्य और कविता हमें भावनाओं, दृष्टिकोणों और मानवीय अनुभवों के बारे में सिखाते हैं, जिससे हम बेहतर संवाद करना और अपने आस-पास की दुनिया को समझना सीखते हैं।
यदि विद्यार्थी इन विषयों के वास्तविक जीवन के अनुप्रयोगों को समझ जाएँ, तो सीखना अधिक सार्थक हो जाता है। तब वे शिक्षा को केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने भविष्य और जीवन कौशल विकसित करने का साधन मानने लगते हैं।
यह क्यों ज़रूरी है?
आज के समय में स्कूलों की ज़िम्मेदारी केवल ज्ञान देने की नहीं है, बल्कि भविष्य की तैयारी कराने की है। तकनीक के इस युग में कई नौकरियाँ खत्म हो रही हैं — तो स्कूल बच्चों को उन नौकरियों के लिए कैसे तैयार करें जो आज अस्तित्व में ही नहीं हैं? यह चुनौती भले ही कठिन लगे, लेकिन सच्चाई यह है कि आज भी लगभग हर क्षेत्र — स्वास्थ्य, शिक्षा, विनिर्माण, तकनीक, मीडिया और कला — में कुशल कर्मचारियों की भारी कमी है।
इस अंतर को कैसे पाटा जाए?
(a) नीति स्तर पर प्रयास
भारत सरकार ने स्किल गैप (Skill Gap) को पाटने के लिए स्कूल और कॉलेज दोनों स्तरों पर कई पहल की हैं।
स्कूल स्तर पर,
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) एक बड़ा सुधार है, जिसका उद्देश्य सीखने को अधिक समग्र, लचीला और 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना है। इस नीति का फोकस छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता, व्यावसायिक शिक्षा (Vocational Education) और डिजिटल साक्षरता (Digital Literacy) को बढ़ावा देना है। नीति में अनुभवात्मक शिक्षण (Experiential Learning) और व्यावहारिक कौशल पर जोर दिया गया है ताकि विद्यार्थी भविष्य के नौकरी बाज़ार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हो सकें।
कॉलेज स्तर पर (10+2 के बाद),
यूजीसी (UGC) ने वर्ष 2014-15 से कम्युनिटी कॉलेज की योजना शुरू की है। इसके साथ ही B.Voc (Bachelor of Vocation) डिग्री कार्यक्रम शुरू किया गया ताकि छात्र डिप्लोमा से डिग्री तक अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा मिले।
व्यावसायिक शिक्षा को और प्रोत्साहित करने के लिए ‘दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र (KAUSHAL – Centres for Knowledge Acquisition and Upgradation of Skilled Human Abilities and Livelihood)’ की स्थापना की गई।
इन सभी योजनाओं को अब राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (NSQF – National Skills Qualifications Framework) के अंतर्गत एकीकृत किया गया है। यह एक कौशल-आधारित ढांचा है, जिसमें योग्यता को ज्ञान, कौशल और योग्यता के स्तरों के अनुसार पाँच श्रेणियों में बाँटा गया है।
कुछ प्रमुख व्यावसायिक कोर्स:
– बी.वोक. (नवीकरणीय ऊर्जा प्रबंधन)
– बी.वोक. (रिटेल मैनेजमेंट)
– बी.वोक. (बैंकिंग एवं फाइनेंशियल सर्विसेज)
– एडवांस डिप्लोमा (फूड प्रोसेसिंग)
– एडवांस डिप्लोमा (हेल्थ केयर)
– एडवांस डिप्लोमा (हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म)
– डिप्लोमा (ग्रीन हाउस टेक्नोलॉजी)
– डिप्लोमा (ब्यूटी एंड वेलनेस)
– डिप्लोमा (ज्वेलरी डिजाइनिंग)
(b) व्यावहारिक कार्यान्वयन
सबसे बड़ी चुनौती नीतियों के व्यावहारिक क्रियान्वयन (Implementation) में है।
स्कूल स्तर पर इसे दो तरीकों से लागू किया जा सकता है — पहला, कौशल आधारित शिक्षा को मुख्य अकादमिक पाठ्यक्रम में शामिल करना, और दूसरा, व्यावसायिक (Vocational) कार्यक्रमों को अलग विषय के रूप में पढ़ाना।
कई स्कूलों में आर्ट, म्यूजिक, मीडिया, डांस, पपेट्री, फाइनेंशियल लिटरेसी, उद्यमिता, उद्योग प्रशिक्षण (Internships) और मीडिया स्टडीज़ जैसे कौशल आधारित कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। साथ ही स्पीच एंड ड्रामा क्लब, कोडिंग क्लब, यंग जर्नलिस्ट, यंग डायरेक्टर, और विदेशी भाषा क्लब जैसी गतिविधियाँ भी छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं।
आज के दौर में कौशल आधारित शिक्षा को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करना विकल्प नहीं, आवश्यकता है। स्कूलों को अपने शिक्षण तरीकों को इस तरह विकसित करना होगा कि वे विद्यार्थियों को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार कर सकें — चाहे वे नौकरियाँ आज अस्तित्व में न हों। इससे छात्र न केवल परीक्षा में सफल होंगे, बल्कि एक कुशल, आत्मनिर्भर और भविष्य-उन्मुख नागरिक बन सकेंगे।




Add comment