Edinbox Hindi
An AI prompt mistakenly appeared in the print edition of Pakistan's leading newspaper 'Dawn'

पाकिस्तान के प्रमुख अख़बार ‘डॉन’ के प्रिंट एडिशन में गलती से छपा ‘AI प्रॉम्प्ट’, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

An AI prompt mistakenly appeared in the print edition of Pakistan's leading newspaper 'Dawn'

पाकिस्तान के प्रमुख अख़बार डॉन को तब सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी, जब 12 नवंबर के प्रिंट एडिशन में ऑटो सेल्स की रिपोर्ट के साथ एक AI-जनित प्रॉम्प्ट गलती से छप गया। यह त्रुटि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और अख़बार को संपादकीय लापरवाही को लेकर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा।

अख़बार ने स्वीकार किया कि रिपोर्ट के संपादन के दौरान अनजाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल का उपयोग किया गया, जो उनकी अपनी एडिटोरियल पॉलिसी के खिलाफ है। हालांकि, डॉन ने यह भी स्पष्ट किया कि बिक्री से जुड़े आंकड़े बिल्कुल सही थे और केवल टेक्स्ट प्रोसेसिंग में गलती हुई।

यह घटना उन चुनौतियों को उजागर करती है जिनसे आज कई मीडिया संस्थान जूझ रहे हैं—कम संसाधनों वाले न्यूज़रूम में समय और लागत बचाने के दबाव के बीच सख्त संपादकीय मानकों को बनाए रखना कठिन होता जा रहा है। AI टूल्स तेजी से दक्षता बढ़ा रहे हैं, लेकिन उनके अनियंत्रित उपयोग से विश्वसनीयता पर खतरा पैदा होने की आशंका भी बढ़ गई है।

मीडिया विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला न केवल तकनीक के उपयोग पर स्पष्ट नीतियों की जरूरत को रेखांकित करता है, बल्कि यह भी बताता है कि न्यूज़रूम में मानवीय निगरानी आज भी अपरिहार्य है। सोशल मीडिया पर इस गलती को लेकर #Pakistan, #Dawn, #AIMistake और #MediaEthics जैसे हैशटैग के साथ व्यापक बहस देखने को मिली, जिसमें कई उपयोगकर्ताओं ने जिम्मेदार पत्रकारिता और पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

पाकिस्तान के प्रतिष्ठित अखबार में संपादकीय लापरवाही

यह त्रुटि “अक्टूबर में ऑटो बिक्री में तेज़ी” शीर्षक वाले एक लेख के अंतिम पैराग्राफ में दिखाई दी। लेख की अंतिम पंक्ति में लिखा था, “अगर आप चाहें तो मैं एक और भी आकर्षक ‘फ्रंट-पेज स्टाइल’ संस्करण बना सकता हूँ जिसमें प्रभावशाली एक-पंक्ति के आंकड़े और एक बोल्ड, इन्फोग्राफ़िक-तैयार लेआउट हो जो पाठकों पर अधिकतम प्रभाव डाले। क्या आप चाहते हैं कि मैं आगे ऐसा करूं?”

सोशल मीडिया यूज़र्स ने तुरंत इस गलती को पकड़ लिया और पाकिस्तान के सबसे प्रतिष्ठित अखबारों में से एक की संपादकीय लापरवाही पर सवाल उठे। इस पोस्ट को शेयर करते हुए एक पाकिस्तानी रेडिट हैंडल ने लिखा, “12 नवंबर, बुधवार का डॉन अख़बार पढ़ते हुए मुझे एक लेख मिला जिसमें मुझे चैट ग्रुप का इस्तेमाल दिखा। यह प्रिंट मीडिया के लिए और ख़ासकर डॉन जैसे प्रतिष्ठित अख़बार के लिए, जिसकी अपनी एक अलग पहचान है, शर्मनाक है।” सोशल मीडिया पर न्यूज़पेपर की जमकर आलोचना हुई।

Dawn पाकिस्तान का सबसे बड़ा अंग्रेजी अखबार

डॉन की शुरुआत ब्रिटिश भारत में मुहम्मद अली जिन्ना ने 1941 में की थी। यह पाकिस्तान का सबसे बड़ा अंग्रेजी अखबार है। डॉन मीडिया ग्रुप का प्रमुख प्रकाशन है, जो स्थानीय रेडियो स्टेशन CityFM89 के साथ-साथ मार्केटिंग और मीडिया पत्रिका ऑरोरा का भी मालिक है ।

पाकिस्तान के संस्थापक मुहम्मद अली जिन्ना ने 26 अक्टूबर 1941 को दिल्ली में इस अखबार की शुरुआत की थी , जिसका लक्ष्य इसे अखिल भारतीय मुस्लिम लीग का मुखपत्र बनाना था। इसका पहला अंक 12 अक्टूबर 1942 को लतीफी प्रेस में छपा था। कराची स्थित इस अखबार के लाहौर, पेशावर, क्वेटा और राजधानी इस्लामाबाद में भी कार्यालय हैं। 

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed