
भारतीय डाक विभाग ने अपने आधुनिकीकरण अभियान को नए स्तर पर ले जाते हुए आईआईटी दिल्ली में देश का पहला ‘जेन ज़ी थीम’ वाला पोस्ट ऑफिस शुरू किया है। संचार मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक पोस्ट ऑफिसों को युवाओं, स्टूडेंट्स और टेक्नोलॉजी-फ्रेंडली पीढ़ी की जरूरतों के अनुरूप ढालना है। यह नया मॉडल डिजिटल सेवाओं, तेज़ प्रक्रियाओं और आधुनिक अनुभव पर ज़ोर देता है।
आईआईटी दिल्ली में तैयार हुआ देश का पहला जेन ज़ी पोस्ट ऑफिस
आईआईटी दिल्ली कैंपस का यह पोस्ट ऑफिस पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार किया गया है। इसे छात्रों के साथ मिलकर डिजाइन किया गया है ताकि इसका लुक और फंक्शनलिटी दोनों कैंपस के युवाओं से जुड़ाव महसूस कराएं।
पोस्ट ऑफिस में हाई-स्पीड वाई-फाई, ग्राफिटी और आर्टवर्क, फाइन आर्ट्स सोसायटी द्वारा तैयार सजावट, क्यूआर कोड आधारित पार्सल बुकिंग, स्टूडेंट-फ्रेंडली स्पीड पोस्ट डिस्काउंट, स्मार्ट सर्विस टचपॉइंट्स जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। यह सभी बदलाव पोस्ट ऑफिस को आधुनिक, तेज और आसान बनाते हैं।
46 विश्वविद्यालयों में बदलेगा पोस्ट ऑफिस मॉडल
भारतीय डाक विभाग ने घोषणा की है कि यह बदलाव केवल आईआईटी दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में स्थित 46 पोस्ट ऑफिसों को 15 दिसंबर 2025 तक जेन ज़ी मॉडल में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
इस मिशन का उद्देश्य युवाओं के लिए पोस्टल सेवाओं को अधिक सुगम बनाना, टेक्नोलॉजी का उपयोग बढ़ाना, डिजिटल भुगतान और स्मार्ट बुकिंग को बढ़ावा देना है। आईआईटी दिल्ली का नया पोस्ट ऑफिस फिलहाल कैंपस में मौजूद 10,000 से अधिक छात्रों और स्टाफ को सेवाएं प्रदान करेगा।
जेन ज़ी पोस्ट ऑफिस में छात्रों की भागीदारी सबसे बड़ी ताकत
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि स्टूडेंट्स केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि परियोजना के सक्रिय भागीदार भी हैं। इस मॉडल में छात्रों को ब्रांड एंबेसडर, डिजाइन सहयोगी, प्रोडक्ट को-क्रिएटर, सोशल मीडिया पार्टनर की भूमिका दी गई है।
साथ ही, आईआईटी दिल्ली में पहली बार स्टूडेंट फ्रेंचाइजी मॉडल शुरू किया गया है। इसके तहत छात्र पोस्ट ऑफिस के संचालन और सेवाओं का वास्तविक अनुभव भी हासिल कर सकेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली के डायरेक्टर, डीन, फैकल्टी सदस्य और छात्र प्रतिनिधि शामिल हुए। संचार मंत्रालय का कहना है कि यह पहल न केवल पोस्ट ऑफिस को आधुनिक बनाएगी, बल्कि युवाओं और डाक सेवाओं के बीच संपर्क भी मजबूत करेगी।
पोस्ट ऑफिस का भविष्य: आधुनिक, तेज और युवाओं के अनुरूप
डाक विभाग का यह प्रयास पोस्टल सिस्टम को भविष्य के अनुरूप ढालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मंत्रालय का मानना है कि आने वाले समय में देश के अन्य विश्वविद्यालय और संस्थानों में भी इस तरह के मॉडल देखने को मिलेंगे, जिससे पोस्ट ऑफिस सिर्फ जरूरत की जगह नहीं, बल्कि एक आधुनिक और इंटरएक्टिव स्पेस बन जाएगा।
देशभर में पोस्टल सेवाओं के आधुनिकीकरण के इस अभियान से यह साफ संकेत मिलता है कि डाक विभाग आने वाले समय में भी युवाओं की जरूरतों और डिजिटल भारत के विज़न को प्राथमिकता देगा।




Add comment