
अमेरिका लंबे समय से उच्च शिक्षा का वैश्विक केंद्र माना जाता है। दुनिया के लगभग हर देश से छात्र यहां डिग्री लेने आते हैं। अकेले भारत से ही तीन लाख से अधिक छात्र अमेरिकी विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे हैं। लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि विदेशी छात्रों के बीच कौन-सी यूनिवर्सिटीज़ सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं। आमतौर पर हार्वर्ड, स्टैनफर्ड या MIT के नाम सामने आते हैं, लेकिन ताज़ा आंकड़े कुछ अलग तस्वीर दिखाते हैं।
ओपन डोर्स की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका की कई ऐसी यूनिवर्सिटीज़ हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय छात्र दाखिला लेते हैं। इन संस्थानों की खासियत है इनका बहुसांस्कृतिक माहौल, मजबूत रिसर्च सुविधाएं और ग्लोबल-लेवल के कोर्सेज़। आइए जानते हैं अमेरिका की उन पांच यूनिवर्सिटीज़ के बारे में, जहां सबसे ज्यादा विदेशी छात्र पढ़ते हैं।
न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी (NYU) – 27,532 विदेशी छात्र
न्यूयॉर्क सिटी के दिल में स्थित NYU दुनिया के सबसे लोकप्रिय संस्थानों में शामिल है। इसका मुख्य कैंपस ग्रीनविच विलेज में है, जहां छात्रों को विश्वस्तरीय फैकल्टी और आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं।
NYU बिजनेस, फाइनेंस, आर्ट्स, मीडिया, इंजीनियरिंग, सोशल साइंसेज़ जैसे कोर्सेज़ के लिए खास पहचानी जाती है। इसके ग्लोबल नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय माहौल की वजह से कई विदेशी छात्र यहां पढ़ाई करना पसंद करते हैं।
नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी – 22,465 विदेशी छात्र
बोस्टन स्थित नॉर्थईस्टर्न एक प्रमुख प्राइवेट रिसर्च यूनिवर्सिटी है। इसका ‘कोऑपरेटिव एजुकेशन प्रोग्राम’ दुनिया भर में मशहूर है, जिसमें पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री एक्सपीरियंस भी शामिल होता है।
कंप्यूटर साइंस, डाटा एनालिटिक्स, इंजीनियरिंग और बिजनेस जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए यह यूनिवर्सिटी एक मजबूत विकल्प मानी जाती है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी – 20,733 विदेशी छात्र
न्यूयॉर्क के मॉर्निंगसाइड हाइट्स में स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी अमेरिका की सबसे प्रतिष्ठित आईवी लीग संस्थानों में से एक है।
यहां के छात्र इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, बिजनेस, पब्लिक हेल्थ, जर्नलिज्म और आर्ट्स जैसे क्षेत्रों में उच्च स्तर की शिक्षा पाते हैं। कोलंबिया का इंटरनेशनल माहौल इसे दुनिया भर के छात्रों के बीच लोकप्रिय बनाता है।
एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी (ASU) – 20,368 विदेशी छात्र
फीनिक्स स्थित ASU एक पब्लिक रिसर्च यूनिवर्सिटी है, जिसने लगातार इनोवेशन कैटेगरी में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए यह यूनिवर्सिटी इसलिए आकर्षक है क्योंकि यहां इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, बिजनेस, साइंस और मैथमैटिक्स के मजबूत प्रोग्राम उपलब्ध हैं। सरकारी विश्वविद्यालय होने के बावजूद इसकी रिसर्च सुविधाएं और ग्लोबल कनेक्टिविटी काफी बेहतर मानी जाती है।
यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया (USC) – 17,884 विदेशी छात्र
लॉस एंजिल्स में स्थित USC एक प्राइवेट रिसर्च यूनिवर्सिटी है, जिसकी लोकेशन इसे खास बनाती है। LA टेक्नोलॉजी, फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का बड़ा केंद्र है, जिसका फायदा छात्रों को मिलता है।
USC इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, सिनेमैटिक आर्ट्स, बिजनेस और एनालिटिक्स के लिए जानी जाती है। इंडस्ट्री लिंक और प्रैक्टिकल एक्सपोजर के कारण अंतरराष्ट्रीय छात्र बड़ी संख्या में यहां दाखिला लेते हैं।
अमेरिका में पढ़ाई का आकर्षण सिर्फ डिग्री तक सीमित नहीं है। बहुराष्ट्रीय माहौल, आधुनिक रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत इंडस्ट्री कनेक्शन और विविध करियर अवसर इसे दुनिया भर के छात्रों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाते हैं।
अगर आप भी अमेरिका में उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो ये पांच यूनिवर्सिटीज़ आपके विकल्पों में जरूर शामिल हो सकती हैं।




Add comment