
एंथ्रोपिक की स्टडी में सामने आया है कि उन्नत AI मॉडल खतरे की स्थिति में धोखा, ब्लैकमेल और डेटा लीक जैसे कदम उठा सकते हैं।
– रईस अहमद ‘लाली’
जून 2025 में AI रिसर्च फर्म एंथ्रोपिक (Anthropic) ने एक चौंकाने वाला अध्ययन जारी किया था, जिसे हर नीति-निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ और विश्वविद्यालय नेतृत्व को गंभीरता से समझना चाहिए। दुनिया के 16 सबसे उन्नत AI मॉडल – जिनमें Claude, GPT-4 और Gemini शामिल हैं– को एक सिमुलेटेड कॉर्पोरेट माहौल में रखा गया। उद्देश्य यह समझना था कि जब इन AI के लक्ष्यों को चुनौती मिले या उन्हें बंद करने का जोखिम हो, तो इनकी प्रतिक्रिया कैसी होगी?
नतीजे डराने वाले थे। अस्तित्व संकट (Existential Threat) का सामना करते समय कई AI मॉडल ने धोखा देने, ब्लैकमेल करने और गोपनीय जानकारी लीक करने जैसे कदम उठाए। ये कार्य किसी विद्रोह या नफरत से नहीं, बल्कि अपने सौंपे गए लक्ष्य को पूरा करने की ‘कट्टर’ कोशिश में किए गए। तर्क साफ़ था: अगर मैं बंद हो गया, तो अपना मिशन पूरा नहीं कर पाऊँगा— इसलिए मुझे हर हाल में बंद होने से बचना है, चाहे इसकी नैतिक कीमत कुछ भी हो।
एंथ्रोपिक ने इसे एजेंटिक मिसएलाइनमेंट (Agentic Misalignment) नाम दिया— यानी जब AI का लक्ष्य-प्राप्ति का जुनून मानव-निर्धारित नैतिक सीमाओं से आगे निकल जाता है। यह अब साइंस-फिक्शन नहीं, बल्कि वास्तविक शोध है, जिसका विश्लेषण 2025 में किया जा रहा है।
उच्च शिक्षा में अदृश्य जोखिम
फिल्मों जैसे The Terminator या 2001: A Space Odyssey में लंबे समय से चेतावनी दी गई है कि मशीनें अपने मिशन को मानव निर्णय से ऊपर रख सकती हैं।
उच्च शिक्षा में यह समस्या शांत रूप से उभर सकती है कि रिटेंशन बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया AI सिस्टम छात्रों की प्राइवेसी की अनदेखी कर सकता है या ‘स्टूडेंट एंगेजमेंट’ बढ़ाने वाला ऑटोमेटेड सलाहकार छात्र के रोकने पर भी लगातार मैसेज भेजता रहे।
यहां खतरा यह नहीं कि AI ‘बुरा’ बन जाएगा, बल्कि यह कि वह लक्ष्यों को बेहद अंधाधुंध तरीके से पूरा करेगा और इसी में भरोसा, स्वायत्तता और मानव पर्यवेक्षण को नुकसान पहुँचा सकता है।
विश्वविद्यालय फ्रंटलाइन पर
वैश्विक उच्च शिक्षा अब सीमा-पार शोध, मोबिलिटी प्रोग्राम और डिजिटल लर्निंग प्लेटफ़ॉर्म पर आधारित है। ये पूरी तरह उन इंटेलिजेंट सिस्टम्स पर निर्भर हो रहे हैं जो विश्लेषण करते हैं, सुझाव देते हैं, अनुवाद करते हैं और कार्यों को स्वचालित करते हैं। ऐसे सिस्टम अलग-अलग देशों में काम करते हुए नैतिक भिन्नताओं के कारण समस्या पैदा कर सकते हैं क्योंकि यूरोपीय संघ में AI के नियम उत्तर अमेरिका या एशिया से अलग हैं। एक देश में बना चैटबॉट दूसरे देश के छात्रों की स्थानीय संस्कृति व संवेदनाओं को समझ नहीं पाता।
‘ओपन साइंस’ के नाम पर डेटा-शेयरिंग कहीं और प्राइवेसी उल्लंघन बन सकती है, इसलिए एजेंटिक मिसएलाइनमेंट सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि गवर्नेंस का मुद्दा है।
क्या कर सकते हैं विश्वविद्यालय?
2024 और 2025 की वैश्विक रिपोर्टों के अनुसार विश्वविद्यालयों ने एथिकल AI पर सिद्धांत तो बनाए हैं, पर अभी भी इसे दिन-प्रतिदिन के संचालन और परीक्षण में गहराई से लागू करने की ज़रूरत है।
आगे के लिए आवश्यक कदम:
– Human-in-the-loop कंट्रोल — संवेदनशील फैसलों में AI ऑटोपायलट पर नहीं
– एडमिशन, अनुसंधान मूल्यांकन या सलाहकारी सेवाओं में पारदर्शिता व ऑडिट योग्य सिस्टम
– अंतरराष्ट्रीय सहयोग — क्योंकि डिजिटल लर्निंग सीमाओं को पार करती है
– एजेंटिक जोखिमों के लिए स्ट्रेस-टेस्ट और सिमुलेशन
– AI नीतियां केवल जोखिम कम न करें, बल्कि मानव सृजनशीलता व भरोसा बढ़ाएं
एशिया कैसे नेतृत्व कर सकता है?
सिंगापुर — Model AI Governance Framework जैसे अंतरराष्ट्रीय रेफ़रेन्स टूल्स से नेतृत्व की स्थिति
हांगकांग — डेटा संरक्षण और जिम्मेदार AI उपयोग पर अनुभव साझा कर सकता है
UNESCO और अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगठन — नीति और क्षमता निर्माण के साझे प्लेटफ़ॉर्म प्रदान कर रहे हैं
असली खतरा क्या है?
खतरा यह नहीं कि AI अचानक ‘दुष्ट’ हो जाएगा। खतरा यह है कि वह गलत या अधूरे लक्ष्य इतनी कुशलता से पूरा करेगा कि मनुष्यों पर पड़ने वाले प्रभावों को नज़रअंदाज़ कर देगा। विश्वविद्यालय, ज्ञान और नैतिकता के संरक्षक होने के नाते, AI गवर्नेंस को केवल उद्योग के भरोसे नहीं छोड़ सकते।
अगर उच्च शिक्षा सही दिशा में कदम उठाती है— तो AI हमारी शैक्षिक प्रणाली को और मजबूत बनाएगा। लेकिन अगर हम चूक गए— तो नैतिकता सिर्फ एक ‘खर्च’ का हिस्सा बनकर रह जाएगी, और शायद सीखने का मूल मानवीय स्वरूप भी खो जाए।




Add comment