
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन (BTSC) ने जूनियर इंजीनियर (JE) के 2800 से अधिक पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग तीनों कैटेगरी में की जा रही है। आयोग ने 12 दिसंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि आवेदन की आखिरी तारीख 12 जनवरी 2026 तय की गई है।
इस भर्ती अभियान के जरिए बिहार सरकार अपने विभिन्न कार्य विभागों और नगर विकास एवं आवास विभाग में लंबे समय से खाली पड़े जूनियर इंजीनियर के पदों को भरेगी। बड़ी संख्या में पद होने के कारण यह भर्ती इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारकों के लिए एक अहम मौका मानी जा रही है।
योग्यता और उम्र सीमा
BTSC JE भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में सिविल/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता होना जरूरी है।
आवेदन करने वाले उम्मीदवार भारतीय नागरिक होने चाहिए। उम्र सीमा की बात करें तो न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम 42 साल रखी गई है। उम्र की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी उम्र में छूट मिलेगी।
आवेदन कैसे करें
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।
– उम्मीदवारों को सबसे पहले BTSC की आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर जाना होगा।
– होमपेज पर Recruitments सेक्शन में जाकर Advertisement Number 28/2025, 29/2025 और 30/2025 के तहत संबंधित JE पद चुनना होगा।
– इसके बाद Apply Online लिंक पर क्लिक करें। नए उम्मीदवार पहले Candidate Registration करें।
– रजिस्ट्रेशन के दौरान नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, कैटेगरी, डोमिसाइल, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पता और शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारी भरनी होगी।
– इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर ऑनलाइन फीस जमा करें और आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
आवेदन शुल्क
BTSC JE भर्ती में सभी वर्गों—सामान्य, BC, EBC, EWS, SC, ST—के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये तय किया गया है। महिला उम्मीदवारों को भी समान शुल्क देना होगा। फीस का भुगतान ऑनलाइन मोड से किया जा सकेगा।
भर्ती से जुड़ी किसी भी ताजा अपडेट, विस्तृत नोटिफिकेशन या बदलाव की जानकारी के लिए उम्मीदवारों को BTSC की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करने की सलाह दी जाती है। बड़ी संख्या में पद और आसान आवेदन प्रक्रिया के कारण यह भर्ती बिहार के इंजीनियरिंग युवाओं के लिए एक मजबूत अवसर बनकर सामने आई है।




Add comment