
गुजरात के वडोदरा में पारुल यूनिवर्सिटी की 9वीं कन्वोकेशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस मौके पर देशभर से आए सैकड़ों छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह के मुख्य अतिथि इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा रहे, जिन्होंने छात्रों को डिग्री प्रदान की और जीवन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
इस खास मौके पर विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों को खादी से बने विशेष कन्वोकेशन स्कार्फ भी भेंट किए गए, जो आत्मनिर्भर भारत और भारतीय मूल्यों का प्रतीक रहे। समारोह के दौरान छात्रों ने रजत शर्मा से उनके संघर्ष, सफलता और फिटनेस को लेकर सवाल भी पूछे।
कार्यक्रम में टेनिस स्टार सानिया मिर्जा, ओलंपिक बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम, उद्यमी और ‘शार्क टैंक इंडिया’ की जज विनीता सिंह सहित कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं। गुजरात के डिप्टी चीफ मिनिस्टर हर्ष सांघवी भी समारोह में शामिल हुए।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता: रजत शर्मा
छात्रों को संबोधित करते हुए रजत शर्मा ने कहा कि सफलता का असली रास्ता संघर्ष से होकर गुजरता है। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए सार्वजनिक जिम्मेदारी, नैतिकता और सच्चाई के महत्व पर जोर दिया।
रजत शर्मा ने कहा, “चुनौतियां आएंगी, संघर्ष होगा और कई बार दर्द भी महसूस होगा, लेकिन चेहरे से मुस्कान कभी नहीं जानी चाहिए।” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। भले ही रास्ता लंबा हो, लेकिन ईमानदारी से की गई मेहनत आखिरकार रंग जरूर लाती है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि जीवन में जब भी सीखने का अवसर मिले, उसे हाथ से जाने न दें।
फिटनेस के लिए संयम और अनुशासन जरूरी
छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए रजत शर्मा ने फिटनेस को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संयम और अनुशासन बेहद जरूरी है। असफलताओं से घबराने या हिम्मत हारने के बजाय खुद पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।
आत्मविश्वास खुद बनाना पड़ता है: मैरी कॉम
ओलंपिक बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम ने छात्रों को आत्मविश्वास का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास न तो खरीदा जा सकता है और न ही किसी से उधार लिया जा सकता है। इसे हर व्यक्ति को खुद के भीतर तैयार करना होता है।
मैरी कॉम ने कहा कि डिग्री हासिल करना आसान नहीं होता और छात्रों ने यह उपलब्धि कड़ी मेहनत से पाई है। यह सफलता केवल शुरुआत है और आगे जीवन में कई चुनौतियां आएंगी, जिनका सामना आत्मविश्वास के साथ करना होगा।
असफलता सफलता की कीमत है: विनीता सिंह
‘शार्क टैंक इंडिया’ की जज और उद्यमी विनीता सिंह ने छात्रों को रचनात्मक सोच और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असफलता दरअसल सफलता की एंट्री फीस है, जिसे हर किसी को चुकानी पड़ती है।
विनीता सिंह ने कहा कि नुकसान जैसी कोई चीज नहीं होती। हारते वही हैं, जो मान लेते हैं कि वे हार गए हैं। असली मायने यात्रा के होते हैं, मंजिल अपने आप मिल जाती है।
सपनों को पूरा करने का हौसला रखें: सानिया मिर्जा
टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने छात्रों से अपने करियर के प्रति समर्पित रहने और जीवन में संतुलन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि असफलताएं और अस्वीकृतियां जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन जब तक अगला दिन देखने की इच्छा है, तब तक नई शुरुआत संभव है।
सानिया मिर्जा ने छात्रों को अपने माता-पिता का सम्मान करने की भी सलाह दी और कहा कि उनके सहयोग के बिना कोई भी सफलता संभव नहीं होती। उन्होंने कहा कि जब भी कोई सपना देखने का फैसला करें, उसे पूरा करने की पूरी कोशिश जरूर करें।




Add comment