
एयरपोर्ट पर नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने नॉर्थ ईस्टर्न रीजन के लिए नॉन-एग्जीक्यूटिव कैडर में सीनियर असिस्टेंट और जूनियर असिस्टेंट के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 दिसंबर 2025 से AAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। तय तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यह भर्ती अभियान कुल 14 पदों के लिए निकाला गया है। चयनित उम्मीदवारों को AAI के नियमों के अनुसार आकर्षक वेतनमान और अन्य सरकारी सुविधाएं मिलेंगी। भर्ती से जुड़ा पूरा नोटिफिकेशन AAI की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां से उम्मीदवार सभी शर्तें और दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
AAI Recruitment 2025: मुख्य जानकारी
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा जारी इस भर्ती का विज्ञापन नंबर 01/2025/DR/NER है। इसमें सीनियर असिस्टेंट और जूनियर असिस्टेंट के पद शामिल हैं। आवेदन की प्रक्रिया 12 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और अंतिम तारीख 11 जनवरी 2026 तय की गई है। उम्मीदवार की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए, हालांकि आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
वेतन की बात करें तो सीनियर असिस्टेंट पद पर चयनित उम्मीदवारों को लगभग 36,000 रुपये से लेकर 1,10,000 रुपये प्रतिमाह तक सैलरी दी जाएगी। वहीं जूनियर असिस्टेंट के लिए वेतनमान करीब 31,000 रुपये से 92,000 रुपये प्रति माह तक रहेगा।
शैक्षिक योग्यता और पात्रता
सीनियर असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार के पास इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकम्युनिकेशन या रेडियो इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो साल का कार्य अनुभव मांगा गया है।
जूनियर असिस्टेंट (HR) पद के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन अनिवार्य है। वहीं जूनियर असिस्टेंट (फायर सर्विसेज) के लिए 10वीं पास उम्मीदवार, जिनके पास मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल या फायर में तीन साल का रेगुलर डिप्लोमा है, आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 12वीं पास उम्मीदवार भी पात्र माने जाएंगे, बशर्ते उनकी पढ़ाई रेगुलर मोड में हुई हो।
चयन प्रक्रिया
AAI भर्ती 2025 में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा। जूनियर असिस्टेंट पद के लिए कंप्यूटर लिट्रेसी टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा, जिसे पास करना अनिवार्य होगा।
AAI Recruitment 2025 के लिए आवेदन कैसे करें
आवेदन करने से पहले उम्मीदवार के पास एक वैध और एक्टिव ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर होना चाहिए, क्योंकि रजिस्ट्रेशन से जुड़ी सभी जानकारी इसी के जरिए भेजी जाएगी।
सबसे पहले AAI की आधिकारिक वेबसाइट www.aai.aero पर जाएं। यहां साइन-अप के विकल्प पर क्लिक कर पोस्ट का चयन करें और नाम, ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी भरें। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉगइन करें और आवेदन फॉर्म भरना शुरू करें।
फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण सावधानी से भरें। इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। फोटो और सिग्नेचर दोनों का साइज 50 KB से 100 KB के बीच होना चाहिए। साथ ही 10वीं, 12वीं की मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करें। फॉर्म सब्मिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं महिला उम्मीदवारों, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, एक्स-सर्विसमैन और AAI में एक साल की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पूरी कर चुके अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ये उम्मीदवार निशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
AAI Recruitment 2025 उन युवाओं के लिए अच्छा मौका है जो एयरपोर्ट सेक्टर में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं। आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ना जरूरी है, ताकि किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके।




Add comment