
ब्रिटिश काउंसिल ने भारतीय छात्रों के लिए यूनाइटेड किंगडम में उच्च शिक्षा का एक बड़ा अवसर खोल दिया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए GREAT Scholarships की शुरुआत कर दी गई है। यह स्कॉलरशिप खास तौर पर उन मेधावी भारतीय छात्रों के लिए है जो ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज़ में मास्टर डिग्री (Postgraduate) करना चाहते हैं, लेकिन बढ़ती पढ़ाई की लागत उनके रास्ते में रुकावट बन रही है।
यह स्कॉलरशिप ब्रिटिश काउंसिल, यूके सरकार के GREAT Britain Campaign और वहां की चुनिंदा यूनिवर्सिटीज़ के सहयोग से दी जा रही है। इस सत्र में भारतीय छात्रों के लिए कुल 12 पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक स्कॉलरशिप के तहत छात्र की ट्यूशन फीस में कम से कम 10,000 पाउंड की छूट दी जाएगी, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 10.5 लाख रुपये से अधिक बैठती है। यह आर्थिक सहायता एक साल के मास्टर कोर्स के लिए मान्य होगी, जो यूके की शिक्षा प्रणाली की एक बड़ी खासियत मानी जाती है।
GREAT Scholarships के तहत पढ़ाई के लिए कई लोकप्रिय और करियर-उन्मुख विषयों को शामिल किया गया है। छात्र बिजनेस मैनेजमेंट, फाइनेंस और मार्केटिंग, साइकोलॉजी और STEM विषय, डिज़ाइन, ह्यूमैनिटीज़ और कानून, साथ ही क्रिएटिव और परफॉर्मिंग आर्ट्स जैसे संगीत और नृत्य के कोर्स चुन सकते हैं। खास बात यह है कि इस साल चार संस्थान केवल कला और संगीत से जुड़े पाठ्यक्रमों के लिए ही स्कॉलरशिप दे रहे हैं, जो क्रिएटिव फील्ड में करियर बनाने वालों के लिए बड़ी राहत है।
इस स्कॉलरशिप प्रोग्राम में ब्रिटेन की कई नामी यूनिवर्सिटीज़ हिस्सा ले रही हैं। इनमें Anglia Ruskin University, University of Bristol, University of Surrey, University of Dundee और Royal College of Art जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं। हर यूनिवर्सिटी अपने कोर्स और पात्रता के आधार पर अलग-अलग शर्तें तय करती है।
ब्रिटिश काउंसिल इंडिया की डायरेक्टर (एजुकेशन) रित्तिका चंदा परुख (MBE) के अनुसार, GREAT Scholarships भारत और यूके के बीच शैक्षिक साझेदारी को और मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि यूके में एक साल का मास्टर प्रोग्राम, उसके बाद मिलने वाले पोस्ट-स्टडी वर्क के अवसर, भारतीय छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर की मजबूत नींव रखते हैं।
आवेदन करने वाले छात्रों के लिए यह जानना जरूरी है कि पात्रता मानदंड और आवेदन की अंतिम तारीख हर यूनिवर्सिटी के अनुसार अलग-अलग होती है। इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे ब्रिटिश काउंसिल या संबंधित यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी ध्यान से पढ़ें और वहीं से सीधे आवेदन करें।
जो छात्र साल 2026 में विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए GREAT Scholarships एक किफायती और भरोसेमंद रास्ता साबित हो सकती है। सही योजना और समय पर आवेदन के साथ यह स्कॉलरशिप न सिर्फ पढ़ाई का खर्च कम करती है, बल्कि यूके जैसे देश में ग्लोबल एक्सपोज़र और बेहतर करियर अवसर भी उपलब्ध कराती है।




Add comment