
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय में काम करने का सुनहरा मौका सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया (SCI) ने लॉ ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए लॉ क्लर्क कम रिसर्च एसोसिएट्स भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती शॉर्ट टर्म कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जनवरी 2026 से सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट www.sci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट लॉ क्लर्क भर्ती 2026: अहम जानकारी
सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी विज्ञापन संख्या No.F.21(LC)/2026-SC(RC) के तहत लगभग 90 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी 2026 तय की गई है। वहीं, लिखित परीक्षा का आयोजन 7 मार्च 2026 को किया जाएगा।
इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 1 लाख रुपये का मानदेय दिया जाएगा, जो इसे देश की सबसे आकर्षक लॉ क्लर्कशिप में शामिल करता है।
योग्यता और आयु सीमा
लॉ क्लर्क पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एलएलबी (LLB) पास होना अनिवार्य है। साथ ही, उम्मीदवार का बार काउंसिल ऑफ इंडिया में बतौर अधिवक्ता पंजीकृत होना जरूरी है।
जो अभ्यर्थी पांच वर्षीय लॉ कोर्स के अंतिम वर्ष में हैं या तीन वर्षीय लॉ कोर्स के तीसरे वर्ष में पढ़ रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, नियुक्ति से पहले उन्हें अपनी लॉ डिग्री पूरी करनी होगी।
इसके अलावा, उम्मीदवारों को कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 20 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 7 फरवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में मल्टीपल चॉइस आधारित लिखित परीक्षा, इसके बाद सब्जेक्टिव टेस्ट और अंत में इंटरव्यू लिया जाएगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को 750 रुपये का शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
– आवेदन के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट www.sci.gov.in पर जाएं।
– होमपेज पर मौजूद Notices सेक्शन में जाकर Judicial Clerkship टैब पर क्लिक करें।
– यहां “Online Application for Registration for Engagement of Law Clerk-cum-Research Associates on short-term contractual basis – 2026-2027” से जुड़ा नोटिफिकेशन मिलेगा, जिसमें आवेदन लिंक दिया गया होगा।
– रजिस्ट्रेशन के दौरान नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरकर ओटीपी के जरिए अकाउंट बनाएं।
– इसके बाद लॉगइन कर आवेदन फॉर्म को ध्यान से भरें, शुल्क जमा करें और फॉर्म सब्मिट कर दें।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
यह भर्ती सुप्रीम कोर्ट में काम करने और न्यायिक प्रक्रिया को नजदीक से समझने का बेहतरीन अवसर है। लॉ में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए यह अनुभव आगे चलकर काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। भर्ती से जुड़ी किसी भी नई जानकारी या बदलाव के लिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।




Add comment