
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने अपने ऑनलाइन शॉर्ट टर्म इंटर्नशिप प्रोग्राम (OSTI) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह दो सप्ताह का इंटर्नशिप कार्यक्रम 9 मार्च से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा और पूरी तरह ऑनलाइन मोड में संचालित होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे छात्रों को मानवाधिकार से जुड़े वास्तविक मुद्दों और एक संवैधानिक संस्था के कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
यह इंटर्नशिप पूर्णकालिक होगी, जिसमें सभी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक (भारतीय समयानुसार) सत्र आयोजित किए जाएंगे। चयनित और सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरा करने वाले छात्रों को 2,000 रुपये की स्टाइपेंड राशि के साथ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
NHRC के अनुसार, चयनित इंटर्न्स को 40 से 45 इंटरएक्टिव सत्रों में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिन्हें विषय विशेषज्ञों और आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बाल श्रम, मानव तस्करी, मानसिक स्वास्थ्य, महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और वंचित वर्गों के अधिकार जैसे अहम मानवाधिकार विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा, समूह कार्य, पुस्तक समीक्षा, मानवाधिकार आधारित फिल्म स्क्रीनिंग तथा जेलों, पुलिस थानों और एनजीओ द्वारा संचालित शेल्टर होम्स के वर्चुअल टूर भी इस इंटर्नशिप का हिस्सा होंगे। इंटर्न्स को NHRC के चेयरपर्सन और सदस्यों से मुलाकात करने का अवसर भी दिया जाएगा।
यह इंटर्नशिप पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड पोस्टग्रेजुएट कोर्स के तीसरे वर्ष या उससे ऊपर के छात्र, अंतिम वर्ष के स्नातक छात्र, किसी भी सेमेस्टर के पोस्टग्रेजुएट या डिप्लोमा छात्र तथा शोधार्थियों के लिए उपलब्ध है। आवेदकों के लिए कक्षा 12 से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है और 1 जनवरी 2026 तक आयु 28 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। जो उम्मीदवार पहले NHRC की इंटर्नशिप कर चुके हैं, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकते।
इच्छुक उम्मीदवारों को केवल NHRC की आधिकारिक वेबसाइट nhrc.nic.in के माध्यम से 28 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे तक आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया में 250 शब्दों का स्टेटमेंट ऑफ पर्पज शामिल है, जिसमें मानवाधिकारों में रुचि का उल्लेख करना होगा। इसके साथ कक्षा 10 से आगे की सभी शैक्षणिक अंकतालिकाओं की स्वप्रमाणित प्रतियां और संस्थान के प्रमुख द्वारा हाल ही में हस्ताक्षरित अनुशंसा पत्र भी जमा करना होगा।
चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक प्रदर्शन, शोध में रुचि, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां और उम्मीदवार की समग्र उपयुक्तता को आधार बनाया जाएगा। चयनित इंटर्न्स की सूची राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।




Add comment