
छात्रों की प्रतिभा को मंच देने और मीडिया की दुनिया से रूबरू कराने के उद्देश्य से आयोजित मीडिया वर्स ने युवाओं के बीच खास पहचान बनाई। इस फेस्ट ने न सिर्फ छात्रों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का मौका दिया, बल्कि मीडिया इंडस्ट्री की प्रैक्टिकल समझ भी विकसित की। विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभागियों ने टीमवर्क, लीडरशिप और प्रेजेंटेशन स्किल को मजबूत किया, जो आज के प्रोफेशनल माहौल में बेहद जरूरी मानी जाती हैं।
फेस्ट के दूसरे और अंतिम दिन विश्वविद्यालय के संरक्षक एम.आर. बगारिया ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज का आईना है और युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इसका इस्तेमाल सकारात्मक बदलाव के लिए करें। उन्होंने रचनात्मक सोच, नैतिक पत्रकारिता और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया। साथ ही, सफल आयोजन के लिए आयोजकों, शिक्षकों और छात्रों की सराहना की।
कार्यक्रम में विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी मीडिया वर्स की मुख्य अतिथि मिस राजस्थान रह चुकीं खुशी बगाया रहीं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, निरंतर मेहनत और अपने सपनों पर भरोसा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने छात्रों को मंच से मिलने वाले अवसरों का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया और छात्रों में नया जोश देखने को मिला।
मीडिया वर्स के दौरान कई आकर्षक और प्रतिस्पर्धी गतिविधियां आयोजित की गईं। रील मेकिंग और फिल्म मेकिंग प्रतियोगिताओं में छात्रों ने सामाजिक मुद्दों और युवा सोच को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। फैशन शो में आत्मविश्वास और क्रिएटिविटी का शानदार मेल देखने को मिला। ओपन माइक में कविता, कहानी और गायन के जरिए प्रतिभागियों ने अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया, जबकि ऐड-मैड प्रतियोगिता में सीमित समय में असरदार विज्ञापन बनाकर टीमों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
समापन समारोह में सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन, अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया गया। मीडिया वर्स ने एक बार फिर साबित किया कि ऐसे मंच छात्रों को सीखने, निखरने और आगे बढ़ने की मजबूत दिशा देते हैं।




Add comment