
नई दिल्ली में होने जा रहा AI Impact Summit 2026 इस बार तकनीक और रचनात्मकता के अनोखे संगम का गवाह बनने जा रहा है। भारत सरकार के इस वैश्विक सम्मेलन के तहत वीडियो क्रिएशन प्लेटफॉर्म Invideo.io दुनिया का सबसे बड़ा AI Film Festival आयोजित कर रहा है। यह तीन दिवसीय आयोजन 16 से 20 फरवरी के बीच भारत मंडपम, नई दिल्ली में होगा, जिसमें भारत समेत दुनिया भर के टेक, पॉलिसी और क्रिएटिव सेक्टर की बड़ी हस्तियां शामिल होंगी।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी प्रस्तावित है। इसके अलावा एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, गूगल के सुंदर पिचाई और डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस जैसे वैश्विक टेक लीडर्स के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। इस मंच पर एआई से बनी फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग होगी, जिसे 300 से अधिक आमंत्रित अतिथि देखेंगे। भारतीय फिल्म और कंटेंट इंडस्ट्री के लिए यह एक अहम क्षण माना जा रहा है।
AI Impact Summit का मूल फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वास्तविक उपयोग पर है—चाहे वह स्वास्थ्य सेवाएं हों, कृषि क्षेत्र हो या सरकारी कामकाज। इसी सोच के अनुरूप इनवीडियो का AI फिल्म फेस्टिवल युवाओं और पेशेवरों को यह दिखाने का मौका देगा कि AI केवल तकनीकी टूल नहीं, बल्कि रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम भी है। इस फेस्टिवल में विश्वविद्यालय के छात्र, स्वतंत्र क्रिएटर्स और AI प्रोफेशनल्स अपनी AI-निर्मित शॉर्ट फिल्मों के साथ भाग ले सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और सरल रखी गई है। AI टूल्स की मदद से तैयार की गई फिल्में स्वीकार की जाएंगी, जिससे नए क्रिएटर्स को भी समान अवसर मिल सके। आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी तय की गई है। इच्छुक प्रतिभागियों को इनवीडियो के आधिकारिक लिंक के माध्यम से आवेदन करना होगा।
पुरस्कारों की बात करें तो फेस्टिवल के विजेताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने वाली है। सर्वश्रेष्ठ फिल्म को 12,000 डॉलर की नकद राशि, वैश्विक स्तर पर सिनेमा रिलीज़ का अवसर और एनवीडिया, गूगल, ओपनएआई व एंथ्रोपिक जैसे संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही हॉलीवुड और बॉलीवुड से जुड़े अनुभवी फिल्ममेकर्स से सीखने का मौका भी दिया जाएगा।
विशेष रूप से बीटेक, बीसीए, मीडिया और डिजाइन जैसे कोर्स में पढ़ रहे विश्वविद्यालय छात्रों के लिए यह आयोजन करियर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इतनी बड़ी वैश्विक मौजूदगी के सामने अपनी AI-निर्मित फिल्म प्रस्तुत करना छात्रों को न सिर्फ पहचान देगा, बल्कि AI और क्रिएटिव इंडस्ट्री में रोजगार के नए रास्ते भी खोल सकता है। आयोजकों के अनुसार, शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों को ‘AI Film Festival Finalist’ का टैग मिलेगा, जो प्रोफेशनल नेटवर्किंग और भविष्य के अवसरों में मददगार हो सकता है।
AI Impact Summit 2026 को ग्लोबल साउथ के लिए भारत का अब तक का सबसे बड़ा AI मंच माना जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस सम्मेलन के लिए 35,000 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। यह भारत की उस रणनीति को दर्शाता है, जिसमें तकनीक को केवल बड़े शहरों तक सीमित न रखकर छोटे कस्बों और युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
AI फिल्म फेस्टिवल इसी सोच का विस्तार है, जहां सीमित संसाधनों के बावजूद रचनात्मक सोच रखने वाला कोई भी युवा वैश्विक मंच तक पहुंच सकता है। आवेदन, दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी impact.indiaai.gov.in पर उपलब्ध है। बदलती तकनीकी दुनिया में अपनी पहचान बनाने का यह मौका भारतीय युवाओं के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।




Add comment