
अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और टेक्निकल या फाइनेंस सेक्टर से ताल्लुक रखते हैं, तो यह मौका आपके लिए अहम हो सकता है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारतीय संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 120 पदों को भरा जाना है। यह भर्ती खास तौर पर उन युवाओं के लिए है, जो सरकारी टेलीकॉम सेक्टर में एक स्थिर और सम्मानजनक करियर बनाना चाहते हैं।
बीएसएनएल की इस भर्ती में दो अलग-अलग स्ट्रीम शामिल हैं—टेलीकॉम और फाइनेंस। टेलीकॉम स्ट्रीम के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई या बीटेक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। वहीं, फाइनेंस स्ट्रीम के लिए उम्मीदवार का चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA) पास होना आवश्यक है।
आयु सीमा की बात करें तो आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम उम्र 30 वर्ष तय की गई है। हालांकि, सरकारी नियमों के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 7 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। यदि आवेदन फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो आयोग की ओर से सुधार का भी मौका दिया गया है। उम्मीदवार 8 मार्च से 15 मार्च 2026 के बीच अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।
चयन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के जरिए किया जाएगा। परीक्षा में निर्धारित कटऑफ अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को सीनियर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।
वेतन की दृष्टि से भी यह भर्ती आकर्षक मानी जा रही है। चयनित उम्मीदवारों को बीएसएनएल के पे स्केल-3 के अनुसार वेतन मिलेगा। इस पद पर नियुक्त अभ्यर्थियों को हर महीने लगभग 24,900 रुपये से लेकर 50,500 रुपये तक का वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को बीएसएनएल की आधिकारिक वेबसाइट bsnl.co.in पर जाना होगा। वहां ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के बाद सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड कर आवेदन फॉर्म सबमिट किया जा सकता है। सरकारी टेलीकॉम सेक्टर में करियर की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक अच्छा अवसर मानी जा रही है।




Add comment