
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए फैब्रिक एंड अपैरल डिजाइन में BSc कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। यह कोर्स चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUP) के तहत ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) मोड में उपलब्ध रहेगा, जिससे छात्र बिना कॉलेज गए घर से ही पढ़ाई कर सकेंगे। फैशन और टेक्सटाइल क्षेत्र में बढ़ते अवसरों को देखते हुए यह कार्यक्रम उन छात्रों के लिए खास तौर पर उपयोगी माना जा रहा है, जो डिजाइनिंग और परिधान उद्योग में करियर बनाना चाहते हैं।
यह कार्यक्रम छात्रों को टेक्सटाइल, फैशन डिजाइन, पैटर्न मेकिंग और गारमेंट प्रोडक्शन की मजबूत समझ देने के साथ-साथ प्रैक्टिकल स्किल्स पर भी जोर देता है। इसका उद्देश्य छात्रों को उद्योग के लिए तैयार करना और उन्हें उन तकनीकों से परिचित कराना है, जिनकी मांग आज फैशन और अपैरल सेक्टर में तेजी से बढ़ रही है।
कौन कर सकता है आवेदन?
फैब्रिक एंड अपैरल डिजाइन में बीएससी के लिए वही उम्मीदवार पात्र हैं जिन्होंने अंग्रेजी माध्यम से विज्ञान विषय के साथ 12वीं कक्षा पूरी की हो। आवेदन करने के लिए जरूरी है कि उम्मीदवार के 12वीं पास किए तीन से छह वर्ष पूरे हो चुके हों।
फीस के मामले में यह कार्यक्रम काफी किफायती है—वार्षिक शुल्क 11,000 रुपये रखा गया है, जिसमें पंजीकरण और विकास शुल्क शामिल नहीं है। यह पूरा कार्यक्रम 120 क्रेडिट का है और इसकी अवधि तीन वर्ष तय की गई है। परीक्षाएं हर वर्ष आयोजित की जाएंगी।
मल्टीपल एग्जिट विकल्प भी उपलब्ध
नई शिक्षा नीति के अनुरूप इस कार्यक्रम में मल्टीपल एग्जिट विकल्प जोड़े गए हैं। पहले वर्ष के बाद UG Certificate, दूसरे वर्ष के बाद UG Diploma, तीसरे वर्ष के बाद BSc Degree और चौथे वर्ष के बाद BSc (Honours) की डिग्री मिलेगी। इससे छात्र अपनी परिस्थिति के अनुसार पढ़ाई रोक सकते हैं और बाद में दोबारा शुरू भी कर सकते हैं।
IGNOU छात्रों को अध्ययन सामग्री प्रिंट और डिजिटल दोनों फॉर्मेट में उपलब्ध कराता है, जिससे दूर-दराज के छात्र भी आसानी से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
कैसे करें आवेदन?
इस कार्यक्रम में नामांकन के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को सबसे पहले IGNOU की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in पर जाना होगा, जहां मान्य ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर के साथ नया पंजीकरण किया जाता है।
इसके बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में अपनी सभी जानकारियां भरनी होंगी और मांगे गए दस्तावेज तय फॉर्मेट में अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क के भुगतान के बाद फॉर्म सबमिट कर दिया जाता है। अंत में, उम्मीदवारों को आवेदन की कॉपी सेव या प्रिंट कर लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी आवश्यकता पर उसे इस्तेमाल किया जा सके।




Add comment