
अगर आप इंजीनियरिंग, साइंस या रिसर्च के क्षेत्र में पढ़ाई कर रहे हैं और अंतरिक्ष विज्ञान में करियर बनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है। Vikram Sarabhai Space Centre (VSSC) ने छात्रों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम की घोषणा की है। यह केंद्र Indian Space Research Organisation (ISRO) के तहत काम करता है और भारत के कई प्रमुख अंतरिक्ष अभियानों में इसकी अहम भूमिका रही है।
VSSC का यह इंटर्नशिप कार्यक्रम उन छात्रों के लिए तैयार किया गया है, जो अंतरिक्ष विभाग से जुड़े विज्ञान और तकनीकी विषयों में पढ़ाई कर रहे हैं। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे और अंतिम तिथि 16 मार्च तय की गई है। इच्छुक छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस इंटर्नशिप के लिए भारत और विदेश के मान्यता प्राप्त संस्थानों में पढ़ रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। शर्त यह है कि छात्र नियमित ऑन-कैंपस कोर्स में नामांकित हों या आवेदन की अंतिम तिथि से छह महीने के भीतर अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके हों। पीएचडी के छात्रों के लिए कोर्स वर्क पूरा होना अनिवार्य है।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आवेदक के पास कम से कम 60 प्रतिशत कुल अंक या 10 प्वाइंट स्केल पर 6.32 सीजीपीए होना चाहिए।
बीई/बीटेक छात्रों के लिए विशेष प्रावधान
बीई और बीटेक के अंतिम वर्ष के छात्र आवेदन कर सकते हैं। प्रोजेक्ट कार्य दो से चार छात्रों के समूह में किया जाएगा। सभी सदस्य एक ही शाखा, एक ही सेमेस्टर और एक ही कॉलेज से होने चाहिए। व्यक्तिगत आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इसके अलावा बीएससी (भौतिकी या रसायन विज्ञान) के अंतिम वर्ष के छात्र और इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल या कंप्यूटर साइंस डिप्लोमा के अंतिम वर्ष के छात्र भी पात्र हैं।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
VSSC वर्ष भर अलग-अलग सत्रों के लिए आवेदन स्वीकार करता है। जुलाई से सितंबर सत्र के लिए 15 मई तक आवेदन किया जा सकता है, जबकि अक्टूबर से दिसंबर सत्र के लिए 15 अगस्त अंतिम तिथि है। हर सत्र की समय सीमा तय होती है, इसलिए देरी से आवेदन करने पर मौका छूट सकता है।
इंटर्नशिप की अवधि कितनी होगी?
इंटर्नशिप की अवधि कोर्स के अनुसार अलग-अलग होगी। बीई और बीटेक छात्रों के लिए न्यूनतम अवधि 45 दिन और अधिकतम 90 दिन तय की गई है। बीएससी और डिप्लोमा छात्रों के लिए यह अवधि 45 से 60 दिन के बीच होगी। अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए इंटर्नशिप 21 से 45 दिन तक हो सकती है।
केंद्र ने साफ किया है कि इंटर्नशिप केवल VSSC/ISRO के अनक्लासिफाइड क्षेत्रों में ही कराई जाएगी। इस दौरान किसी प्रकार की वित्तीय सहायता या स्टाइपेंड नहीं दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
चयन उपलब्ध सुविधाओं और मार्गदर्शकों की क्षमता पर निर्भर करेगा। अधिक आवेदन आने की स्थिति में सभी को अवसर मिलना संभव नहीं होगा। चयनित छात्रों को ईमेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि VSSC जैसे संस्थान में इंटर्नशिप छात्रों को अंतरिक्ष अनुसंधान की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने का अवसर देती है। यहां काम करने का अनुभव भविष्य में उच्च शिक्षा, रिसर्च या ISRO में करियर के लिए मजबूत आधार तैयार कर सकता है।
जो छात्र अंतरिक्ष विज्ञान में आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए यह इंटर्नशिप एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।




Add comment