
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने अखिल भारतीय बार परीक्षा AIBE 21 की तारीख की घोषणा कर दी है। इस राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा का आयोजन 7 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए सभी दिशानिर्देश और समयसीमा जारी कर दी गई है।
कानून स्नातकों के लिए आयोजित की जाने वाली यह परीक्षा एडवोकेट प्रैक्टिस की पात्रता निर्धारित करती है। इच्छुक उम्मीदवार 30 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट barcouncilofindia.org और allindiabarexamination.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 1 मई 2026 तय की गई है, जबकि 1 से 3 मई 2026 तक उम्मीदवारों को अपने आवेदन में संशोधन करने का मौका मिलेगा। परीक्षा का एडमिट कार्ड 22 मई 2026 को जारी होगा, जिसे उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा।
परीक्षा से पहले आवश्यक निर्देश जानना ज़रूरी
AIBE 21 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बार काउंसिल ने कड़े दिशानिर्देश तय किए हैं। परीक्षा में प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक इन नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
एडमिट कार्ड के साथ सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र—जैसे आधार कार्ड या वोटर आईडी—ले जाना ज़रूरी है। इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले ही परीक्षा केंद्र का पता जांच लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी भी देरी से बचा जा सके।
उम्मीदवारों को सुबह 11:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। दोपहर 1:15 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, बैग, नोट्स, किताबें या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। गलत सामान मिलने पर उम्मीदवार को तत्काल अयोग्य कर दिया जाएगा।
परीक्षा समाप्त होने से पहले कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं है, और उत्तर पुस्तिका जमा किए बिना परीक्षा हॉल से बाहर नहीं जाया जा सकता। उम्मीदवारों को OMR शीट पर रोल नंबर, सेट कोड और अन्य विवरण बिल्कुल सही तरीके से भरने होंगे। किसी भी त्रुटि की स्थिति में उत्तर पुस्तिका अस्वीकार की जा सकती है।
उत्तर चिह्नित करने के लिए केवल नीले या काले बॉल पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकता है। पेंसिल का उपयोग करने पर परीक्षा रद्द हो सकती है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधा
जिन उम्मीदवारों की दिव्यांगता 40% से अधिक है, उन्हें परीक्षा में प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके लिए मान्य दिव्यांगता प्रमाण पत्र परीक्षा निरीक्षक को प्रस्तुत करना होगा।
जो अभ्यर्थी स्वंय लिखने में सक्षम नहीं हैं—जैसे दृष्टिबाधित या दोनों हाथों से असमर्थ—वे अपना लेखक (Scribe) ला सकते हैं। लेखक स्नातक होना चाहिए, लेकिन वह कानून या आर्ट्स का छात्र नहीं होना चाहिए। लेखक का पहचान पत्र अनिवार्य है। केंद्र की ओर से लेखक की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
अन्य दिव्यांगता की स्थिति में लेखक की अनुमति तभी मिलेगी जब उम्मीदवार सरकारी अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेगा।
पात्रता की जांच जरूरी, नियमों के उल्लंघन पर सख़्त कार्रवाई
AIBE 21 में बैठना अस्थायी माना जाएगा, यानी अंतिम पात्रता दस्तावेज़ों के सत्यापन के बाद ही उम्मीदवारी मान्य होगी। पात्रता पूरी न होने पर उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
परीक्षा के दौरान नकल करते या किसी भी तरह की गलत विधि अपनाते पकड़े गए उम्मीदवार को तुरंत परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा।




Add comment