
Central University of Rajasthan (CURAJ) ने प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए रोलिंग भर्ती अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 8 रिक्त पद भरे जाएंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय में फैकल्टी पद पर नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट curaj.ac.in के माध्यम से 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को भरे हुए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट स्वयं सत्यापित दस्तावेजों की प्रतियों के साथ विश्वविद्यालय के डाक पते पर 23 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक भेजना होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रोफेसर पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में पीएचडी डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त और प्रतिष्ठित जर्नल्स में कम से कम 10 शोध पत्र प्रकाशित होने चाहिए। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान में न्यूनतम 10 वर्ष का शिक्षण और/या शोध अनुभव भी आवश्यक है। पात्रता संबंधी सभी मानक University Grants Commission (UGC) द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार होंगे, जिनका पालन करना अनिवार्य है।
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 55% अंकों के साथ मास्टर डिग्री आवश्यक है। साथ ही उम्मीदवार को नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET) उत्तीर्ण होना चाहिए। हालांकि, UGC नियमों के अनुसार संबंधित विषय में पीएचडी डिग्री धारक उम्मीदवारों को NET से छूट दी गई है।
वेतनमान की बात करें तो प्रोफेसर पद के लिए पे लेवल 14 के तहत 1,44,200 रुपये से 2,18,200 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा। असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पे लेवल 10 के अंतर्गत 57,700 रुपये से 1,81,400 रुपये प्रति माह वेतन निर्धारित है।
चयन प्रक्रिया के पहले चरण में शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को प्रस्तुति या सेमिनार देना होगा और फिर साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
आवेदन शुल्क अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए 1,500 रुपये तथा एससी, एसटी और PwBD श्रेणी के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें और सभी निर्देशों का पालन करें।




Add comment