
सीबीएसई ने मध्य पूर्व क्षेत्र में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव किया है। 2 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में मौजूद सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए यह फैसला मौजूदा क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड ने कहा है कि 3 मार्च को समीक्षा बैठक में 5 मार्च के बाद की परीक्षाओं पर निर्णय लिया जाएगा।
संशोधित परीक्षा तिथियां जल्द जारी की जाएंगी। सीबीएसई ने छात्रों को सलाह दी है कि वे घबराएं नहीं और अपनी नियमित पढ़ाई जारी रखें। सभी आधिकारिक अपडेट स्कूलों के माध्यम से साझा किए जाएंगे।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक फर्जी नोटिस भी वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि वैश्विक हालात और कुछ देशों में तनावपूर्ण परिस्थितियों के कारण परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इस नोटिस ने छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी।
हालांकि, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि यह नोटिस पूरी तरह फर्जी है। बोर्ड ने कहा है कि परीक्षाएं रद्द नहीं की गई हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। साथ ही बताया गया कि अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
सीबीएसई ने आश्वासन दिया है कि मध्य पूर्व की स्थिति सामान्य होने पर नई तिथियां जारी कर दी जाएंगी। फिलहाल छात्रों को सलाह है कि वे अपनी तैयारी जारी रखें और लगातार स्कूलों से अपडेट लेते रहें।




Add comment