
टेक्नोलॉजी और इंटरनेट पॉलिसी में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। Google ने समर 2026 के लिए यूएस पब्लिक पॉलिसी फेलोशिप प्रोग्राम की घोषणा की है। यह कार्यक्रम छात्रों को वाशिंगटन डीसी में काम करते हुए इंटरनेट प्रशासन, डिजिटल अधिकार, और उभरती टेक्नोलॉजी से जुड़े नीतिगत मुद्दों को समझने का मौका देता है। चयनित फेलोज़ को पब्लिक इंटरेस्ट संगठनों के साथ प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा, जो उनके करियर को मजबूत आधार प्रदान कर सकता है।
इस फेलोशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है और इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अंतिम तिथि 9 अप्रैल 2026 दोपहर 12 बजे (ईस्टर्न टाइम) तय की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
यह फेलोशिप किसी एक विषय तक सीमित नहीं है। विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमियों से आने वाले छात्र इसमें आवेदन कर सकते हैं, बस उनकी रुचि इंटरनेट और टेक्नोलॉजी पॉलिसी में होनी चाहिए। आवेदकों से मजबूत रिसर्च, लेखन और कम्युनिकेशन स्किल की अपेक्षा की गई है।
इस कार्यक्रम में UG, PG और PhD स्तर के छात्र शामिल हो सकते हैं, चाहे वे फुल-टाइम हों या पार्ट-टाइम। एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि उम्मीदवार 30 अगस्त 2026 तक किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में नामांकित हों।
साथ ही, यूएस गूगल पब्लिक पॉलिसी फेलोशिप में भाग लेने के लिए आवेदक के पास संयुक्त राज्य अमेरिका में काम करने की वैध अनुमति होनी चाहिए। गूगल ने स्पष्ट कर दिया है कि वर्क ऑथराइजेशन से जुड़े दस्तावेज़ तैयार कराने में वह किसी भी तरह की सहायता नहीं करेगा। इसलिए आवेदन से पहले उम्मीदवारों को अपनी पात्रता सुनिश्चित करनी होगी।
फेलोशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्र की उम्र 1 जनवरी 2026 तक कम से कम 18 साल होनी चाहिए। वहीं, जो छात्र पहले इस फेलोशिप का हिस्सा रह चुके हैं, वे दोबारा आवेदन नहीं कर पाएंगे।
स्टाइपेंड कितना मिलेगा?
फेलोशिप में चुने गए छात्रों को मेजबान संगठन की ओर से स्टाइपेंड दिया जाएगा।
फुल-टाइम फेलो (सप्ताह में लगभग 40 घंटे) को करीब 12,000 डॉलर (लगभग 10 लाख रुपये) मिलेंगे।
पार्ट-टाइम फेलो (सप्ताह में 20 घंटे) को लगभग 6,000 डॉलर (करीब 5 लाख रुपये) दिए जाएंगे।
स्टाइपेंड का भुगतान मेजबान संस्था सीधे करेगी और यह छात्र के प्रदर्शन तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर निर्भर करेगा। टैक्स का भुगतान फेलो को स्वयं करना होगा।
यह फेलोशिप न केवल छात्रों को वैश्विक टेक नीति को समझने का मौका देती है, बल्कि उन्हें ऐसे नेटवर्क से जोड़ती है, जो आगे चलकर उनके करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यदि आप डिजिटल नीति, डेटा सुरक्षा, इंटरनेट गवर्नेंस या टेक कानूनों में भविष्य बनाना चाहते हैं, तो यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।




Add comment