
विदेश में मेडिकल डिग्री हासिल करना भारतीय छात्रों के बीच लंबे समय से लोकप्रिय विकल्प रहा है। हर साल हजारों छात्र बेहतर सुविधाओं और वैश्विक एक्सपोज़र की तलाश में विदेश जाते हैं। अगर आप भी मेडिकल की पढ़ाई के लिए किसी देश की तलाश में हैं, तो अमेरिका आपके लिए एक मजबूत विकल्प हो सकता है। लेकिन अमेरिका में मेडिकल कॉलेज में दाखिले की राह भारत जैसी ही है—यहां भी प्रवेश के लिए एक अनिवार्य एग्जाम पास करना होता है।
अमेरिका के मेडिकल कॉलेजों में दाखिला पाने के लिए छात्रों को मेडिकल कॉलेज एडमिशन टेस्ट (MCAT) देना होता है। यह एक स्टैंडर्डाइज्ड एग्जाम है, जिसे Association of American Medical Colleges (AAMC) आयोजित करता है। अमेरिका के लगभग सभी मेडिकल ग्रेजुएट प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए MCAT स्कोर जरूरी माना जाता है। इस परीक्षा के जरिए यह आंका जाता है कि छात्र में मेडिकल अध्ययन के लिए जरूरी वैचारिक समझ, विश्लेषण क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण है या नहीं।
MCAT एक्साम: कौन दे सकता है और क्यों?
MCAT कंप्यूटर-बेस्ड मल्टीपल-च्वाइस टेस्ट है, जो छात्रों की क्रिटिकल थिंकिंग और लॉजिकल रीजनिंग की क्षमता को मापता है। इस परीक्षा की विस्तृत जानकारी AAMC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
MCAT देने के लिए छात्रों को प्री-मेड कोर्स पूरा करना होता है। भारत में MBBS करने वाले छात्र इस परीक्षा के पात्र होते हैं। इसके अलावा, जो छात्र बायोलॉजी, केमिस्ट्री और फिजिक्स जैसे विषयों में चार वर्षीय बैचलर्स डिग्री रखते हैं, वे भी MCAT के माध्यम से अमेरिकी मेडिकल कॉलेजों में अप्लाई कर सकते हैं।
MCAT एग्जाम का स्ट्रक्चर
MCAT में चार मुख्य सेक्शन होते हैं, जिनमें मल्टीपल-च्वाइस प्रश्न पूछे जाते हैं। परीक्षा का स्ट्रक्चर इस प्रकार है:
बायोलॉजिकल एंड बायोकेमिकल फाउंडेशन्स ऑफ लिविंग सिस्टम्स
इस सेक्शन में 95 मिनट में 59 सवाल हल करने होते हैं। इसमें बायोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री तथा रिसर्च मैथड्स से जुड़े सवाल शामिल होते हैं।
केमिकल एंड फिजिकल फाउंडेशन्स ऑफ बायोलॉजिकल सिस्टम्स
यह सेक्शन भी 95 मिनट में 59 सवालों का होता है। इसमें बायोलॉजिकल प्रोसेस, बायोकेमिस्ट्री और फिजिक्स-केमिस्ट्री से जुड़े सवाल शामिल रहते हैं।
साइकोलॉजिकल, सोशल एंड बायोलॉजिकल फाउंडेशन्स ऑफ बिहेवियर
इस सेक्शन में 95 मिनट में 59 सवाल पूछे जाते हैं। मानव व्यवहार, सामाजिक-सांस्कृतिक प्रभाव और इनका स्वास्थ्य पर असर—इन सभी विषयों को शामिल किया जाता है।
क्रिटिकल एनालिसिस एंड रीजनिंग स्किल्स (CARS)
इसमें 53 सवाल होते हैं और 90 मिनट का समय मिलता है। इसे वर्बल रीजनिंग टेस्ट की तरह समझा जा सकता है, जहां पढ़ने-समझने और तार्किक विश्लेषण की क्षमता परखने वाले प्रश्न पूछे जाते हैं।
MCAT स्कोर कैसे तय होता है?
MCAT के चारों सेक्शन के स्कोर को स्केल्ड फॉर्मेट में बदला जाता है। ‘रॉ स्कोर’ को सीधे उपयोग करने की बजाय AAMC हर सेक्शन के अंक को 118 से 132 के बीच स्केल करता है। चारों सेक्शन का कुल स्कोर 472 से 528 के बीच होता है।
MCAT स्कोर को तय करने के लिए AAMC पूर्व निर्धारित और प्राइवेट मेट्रिक्स का उपयोग करता है, जिससे परीक्षा की कठिनाई में भिन्नता का प्रभाव छात्रों के स्कोर पर न पड़े।
अमेरिका में मेडिकल एडमिशन की प्रक्रिया लंबी और प्रतिस्पर्धी है, लेकिन सही तैयारी के साथ भारतीय छात्र इसमें सफल हो सकते हैं। MCAT को समझना और उसकी रणनीतिक तैयारी करना इस दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।




Add comment