
देश के डिजिटल ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने वाला नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) युवा इंजीनियरों के लिए बड़ा अवसर लेकर आया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत काम करने वाले NIC ने साइंटिस्ट-बी पदों के लिए 243 रिक्तियों की घोषणा की है। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए खास मानी जा रही है, जो भारत के ई-गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट्स में योगदान देना चाहते हैं।
1976 में स्थापना के बाद से NIC केंद्र, राज्य और जिला स्तर पर आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल सेवाओं का प्रमुख स्तंभ रहा है। इस बार की भर्ती पूरी तरह GATE स्कोर आधारित है, जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट-ड्रिवन बनती है।
महत्वपूर्ण तारीखें
आधिकारिक नोटिफिकेशन (Advt No. NIC/SCB/2026/1) के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 24 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पात्रता की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 तय की गई है।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू की जानकारी बाद में NIC की वेबसाइट पर जारी होगी। आवेदकों को नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।
कितने पद और किस क्षेत्र में?
साइंटिस्ट-बी के कुल 243 पद तीन तकनीकी क्षेत्रों में विभाजित हैं—
कंप्यूटर साइंस एवं आईटी – 168 पद
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन – 25 पद
डेटा साइंस एवं एआई – 50 पद
यह पद ग्रुप-A गजटेड श्रेणी में आते हैं और 7वें वेतन आयोग के लेवल-10 (₹56,100–₹1,77,500) के साथ आकर्षक भत्ते भी शामिल हैं।
NIC ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या जरूरत के अनुसार बदल सकती है।
पात्रता और चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों के पास GATE 2024, 2025 या 2026 का वैध स्कोर होना अनिवार्य है।
मान्य GATE पेपर—
– CS (कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी)
– EC (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग)
– DA (डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस)
सबसे पहले GATE स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू/इंटरैक्शन के लिए बुलाया जाएगा।
NIC में साइंटिस्ट-बी की नौकरी न सिर्फ स्थिर करियर का अवसर देती है, बल्कि देश के महत्वपूर्ण डिजिटल प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने का मौका भी। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए यह भर्ती निश्चित रूप से एक सुनहरा अवसर है।




Add comment