
अमेरिका इन दिनों नर्सों की भारी कमी से जूझ रहा है, और यही वजह है कि नर्सिंग की पढ़ाई करना चाहने वाले भारतीय छात्रों के लिए यह समय किसी अवसर से कम नहीं है। अमेरिकी हेल्थकेयर सिस्टम बड़ी संख्या में प्रशिक्षित नर्सों की तलाश में है, जिससे विदेश में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए नए रास्ते खुल रहे हैं। यहां नर्सों को मिलने वाली सैलरी भी दुनिया में सबसे अधिक मानी जाती है। उदाहरण के तौर पर, अमेरिका में एक रजिस्टर्ड नर्स (RN) की शुरुआती सालाना सैलरी करीब 80,000 डॉलर यानी लगभग 67 लाख रुपये तक होती है।
हाल ही में जारी QS World University Rankings by Subject 2026 ने इस दिलचस्प ट्रेंड की पुष्टि की है। नर्सिंग कैटेगरी की वैश्विक रैंकिंग में दुनिया की टॉप 10 यूनिवर्सिटीज़ में से चार अमेरिका में हैं। यही नहीं, नंबर 1 नर्सिंग यूनिवर्सिटी भी अमेरिका में ही स्थित है। इससे भारतीय छात्रों का रुझान और बढ़ा है, खासकर उन छात्रों का जो टॉप संस्थानों से डिग्री हासिल करना चाहते हैं।
अमेरिका की टॉप नर्सिंग यूनिवर्सिटीज
रैंकिंग के आधार पर अमेरिका की जिन यूनिवर्सिटीज़ ने टॉप-10 में जगह बनाई है, वे न सिर्फ वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित हैं, बल्कि इनके प्रोग्राम्स भारतीय छात्रों के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं।
1. यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया
आईवी लीग का हिस्सा यह यूनिवर्सिटी दुनिया की नंबर वन नर्सिंग यूनिवर्सिटी है। यहां उच्च स्तर की शिक्षा के साथ नर्सिंग में डॉक्टरेट भी कराया जाता है।
2. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी
रिसर्च के लिए प्रसिद्ध यह संस्थान ‘नर्स एनेस्थीसिया’ और ‘इंफॉर्मेटिक्स’ जैसे स्पेशलाइजेशन प्रदान करता है। अमेरिका ही नहीं, दुनिया भर के छात्रों के लिए यह पसंदीदा विकल्प है।
3. ड्यूक यूनिवर्सिटी
यहां नर्सिंग की पढ़ाई की सफलता का अंदाजा इसी से लग जाता है कि NCLEX लाइसेंसिंग परीक्षा की पासिंग रेट 99% है। यहां एक्सेलेरेटेड नर्सिंग कोर्स भी उपलब्ध है।
4. कोलंबिया यूनिवर्सिटी
न्यूयॉर्क में स्थित यह प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी MDE यानी मास्टर्स डायरेक्ट एंट्री उपलब्ध कराती है, जो कम समय में पूरी होने वाला नर्सिंग प्रोग्राम है।
अन्य प्रमुख अमेरिकी नर्सिंग संस्थान
यूनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन, यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ कैरोलिना, येल यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन-एन अर्बर, न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया (UCSF) भी नर्सिंग शिक्षा के लिए बेहतरीन माने जाते हैं। इनमें से UCSF खासतौर पर लोकप्रिय है, क्योंकि कैलिफोर्निया नर्सों को सबसे अधिक सैलरी ऑफर करता है।
क्यों अमेरिका में नर्सिंग भारतीयों के लिए फायदेमंद?
अमेरिका में नर्सिंग डिग्री की लागत भले ही अधिक हो, लेकिन यहां रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) बेहद मजबूत माना जाता है। उच्च सैलरी के चलते छात्र अपनी पूरी शिक्षा का खर्च कुछ ही वर्षों में निकाल लेते हैं। इसके अलावा, नर्सों की भारी मांग को देखते हुए अमेरिकी अस्पताल विदेशी नर्सों के लिए ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप को फास्ट-ट्रैक करते हैं। इससे स्थायी निवास (PR) की संभावना भी बढ़ जाती है।
भारतीय छात्रों के लिए यह समय अमेरिका में नर्सिंग करियर शुरू करने के लिए बेहद उपयुक्त माना जा रहा है। तेज़ी से बढ़ती डिमांड, मजबूत सैलरी पैकेज और शीर्ष संस्थानों में शिक्षा—ये सब मिलकर अमेरिकी नर्सिंग सेक्टर को आकर्षक और स्थिर करियर विकल्प बनाते हैं।




Add comment