
मेडिकल क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के कुल 2317 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 तय की गई है। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कौन कर सकता है आवेदन
नर्सिंग ऑफिसर के पदों के लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग या जीएनएम के बाद दो वर्षीय पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री अनिवार्य रखी गई है।
सिस्टर ट्यूटर के लिए उम्मीदवार को पीसीबी (भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान) विषयों के साथ 12वीं पास होना चाहिए। इसके अलावा बीएससी नर्सिंग या पी.बी.बीएससी नर्सिंग की डिग्री और कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना जरूरी है।
अन्य आवश्यक शर्तें
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण होना चाहिए। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया जारी
MPESB ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई है। इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। भर्ती परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी बोर्ड की आधिकारिक अधिसूचनाओं में जारी की जाएगी।
नर्सिंग क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती सुनहरा मौका है। राज्य सरकार उम्मीद कर रही है कि इन पदों के भरने से स्वास्थ्य सेवाओं में दक्ष मानव संसाधन की कमी काफी हद तक दूर होगी।




Add comment