Edinbox Hindi

Australia: मेलबर्न में भारतीय छात्र की हत्या, परिजनों ने सरकार से मांगी मदद

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में नवजीत संधू नाम के एक भारतीय छात्र की हत्या कर दी गई। कुछ भारतीय छात्रों के बीच हुई लड़ाई के दौरान कथित तौर पर शनिवार सुबह नौ बजे चाकू से गोद कर उसकी हत्या की गई। छात्र की उम्र 22 वर्ष की थी और वह वहां एमटेक की पढ़ाई कर रहा था। नवजीत हरियाणा के करनाल का रहने वाला था।
  
मृतक छात्र के चाचा यशवीर के अनुसार कुछ भारतीय छात्रों के बीच किराए को लेकर विवाद हो गया था। नवजीत ने इस विवाद को सुलझाने के लिए जब बीच बचाव करने की कोशिश की, तो एक अन्य छात्र ने उस पर बुरी तरह चाकुओं से हमला कर दिया। छात्रों के बीच हुई इस लड़ाई के दौरान ही नवजीत की हत्या कर दी गई। यशवीर ने बताया कि इस विवाद में करनाल के ही एक और छात्र की हालत गंभीर है। 

सेना से इसी साल जुलाई में अवकाश प्राप्त कर रहे यशवीर के मुताबिक नवजीत अपने दोस्त के साथ उसके घर से कुछ सामान लेने गया था क्योंकि उसके पास कार थी। जब वह घर के बाहर अपने दोस्त का इंतजार कर रहा था, तो उसे घर के अंदर से शोर की आवाज सुनाई दी। नवजीत ने जब घर के अंदर घुसकर विवाद सुलझाने की कोशिश की, तो उसके सीने पर बुरी तरह से चाकू से हमला किया गया। इसके बाद नवजीत की मौत हो गई। नवजीत के जिस साथी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वह भी करनाल का ही रहने वाला था। 

यशवीर ने बताया कि परिवार को घटना की जानकारी रविवार तड़के मिली। उन्होंने बताया कि उनका परिवार इस घटना से सदमे में है। उन्होंने आगे बताया कि नवजीत प्रतिभाशाली छात्र था और जुलाई महीने में परिवार के साथ छुट्टियां बिताने घर आने वाला था, लेकिन इस घटना के बाद से पूरा परिवार स्तब्ध है। नवजीत डेढ़ साल पहले स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गया था। उसके किसान पिता ने अपने बेटे की पढ़ाई के लिए डेढ़ एकड़ जमीन बेच दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत सरकार से गुहार लगाते हैं कि नवनीत का शव यथाशीघ्र वापस लाने में हमारी मदद करे।’

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed