
फुटवियर डिजाइन, फैशन और प्रोडक्ट इनोवेशन जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर बनाने की सोच रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। Footwear Design and Development Institute में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज में एडमिशन की प्रक्रिया जारी है। देशभर में फैले इसके 12 कैंपस—नोएडा, कोलकाता, रोहतक, फुरसतगंज (रायबरेली), चेन्नई, जोधपुर, छिंदवाड़ा, गुना, अंकलेश्वर, पटना, हैदराबाद और चंडीगढ़—में दाखिले के लिए छात्र 5 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। नए सत्र की शुरुआत 29 जुलाई 2026 से होगी।
संस्थान छात्रों को चार वर्षीय बैचलर ऑफ डिजाइन (BDes) और बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) जैसे कोर्स करने का अवसर देता है। BDes प्रोग्राम के तहत फुटवियर डिजाइन एंड प्रोडक्शन, स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल फुटवियर, हाई फैशन फुटवियर, लेदर लाइफस्टाइल प्रोडक्ट डिजाइन, डिजिटल प्रोडक्ट और वर्चुअल प्रोटोटाइपिंग, फैशन डिजाइन, टेक्सटाइल एंड अपेरल डिजाइन और फैशन कम्युनिकेशन जैसे स्पेशलाइजेशन उपलब्ध हैं।
वहीं, BBA प्रोग्राम में रिटेल और फैशन मर्चेंडाइज, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, डेटा साइंस एनालिटिक्स और ग्लोबल एवं लग्जरी ब्रांड मैनेजमेंट जैसे विकल्प दिए जाते हैं। ये कोर्स इंडस्ट्री की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं, जिससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
योग्यता की बात करें तो किसी भी विषय से 12वीं पास छात्र आवेदन कर सकते हैं। BBA के लिए केवल 12वीं पास होना पर्याप्त है, जबकि BDes में प्रवेश के लिए 12वीं के साथ डिजाइन एप्टीट्यूड को भी परखा जाएगा। इसके अलावा अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 तक 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इन कोर्सेज में प्रवेश के लिए संस्थान की ओर से आयोजित ऑल इंडिया सिलेक्शन टेस्ट (AIST) 2026 देना अनिवार्य होगा। यह परीक्षा 10 मई 2026 को देश के 36 शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद मेरिट के आधार पर छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा, जहां वे अपने पसंदीदा कोर्स और कैंपस का चयन कर सकेंगे।
इच्छुक उम्मीदवार संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई 2026 तय की गई है, जिसे पहले से आगे बढ़ाया गया है। ऐसे में जो छात्र डिजाइन और फैशन से जुड़े प्रोफेशनल कोर्स में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा अवसर है।




Add comment