Edinbox Hindi
NCERT ने 11वीं-12वीं के छात्रों के लिए शुरू किए मुफ्त ऑनलाइन कोर्स, SWAYAM प्लेटफॉर्म पर मिलेगा मौका

NCERT ने 11वीं-12वीं के छात्रों के लिए शुरू किए मुफ्त ऑनलाइन कोर्स, SWAYAM प्लेटफॉर्म पर मिलेगा मौका

NCERT ने 11वीं-12वीं के छात्रों के लिए शुरू किए मुफ्त ऑनलाइन कोर्स, SWAYAM प्लेटफॉर्म पर मिलेगा मौका

कक्षा 11 और 12 के छात्रों के लिए पढ़ाई को आसान और सुलभ बनाने की दिशा में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने एक अहम कदम उठाया है। National Council of Educational Research and Training (NCERT) ने ‘स्वयं’ प्लेटफॉर्म पर मुफ्त ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं, जिनका उद्देश्य छात्रों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

ये कोर्स SWAYAM (Study Webs of Active-Learning for Young Aspiring Minds) पर उपलब्ध हैं और इसमें कुल 11 विषय शामिल किए गए हैं। इनमें अकाउंटेंसी, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, जियोग्राफी, फिजिक्स, मैथ्स, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, बिजनेस स्टडीज और इंग्लिश जैसे मुख्य विषय शामिल हैं। हर कोर्स की अवधि 21 सप्ताह तय की गई है, ताकि छात्र विषयों को गहराई से समझ सकें।

एनसीईआरटी के मुताबिक, इन कोर्सों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छात्र अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी और कहीं से भी पढ़ाई कर सकते हैं। कोर्स में वीडियो लेक्चर, इंटरैक्टिव कंटेंट, डिस्कशन फोरम और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे छात्रों को सिर्फ किताबों तक सीमित रहने के बजाय एक बेहतर और व्यावहारिक सीखने का अनुभव मिलेगा।

कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को अपनी तैयारी परखने के लिए सेल्फ-असेसमेंट और क्विज का विकल्प मिलेगा। अंतिम परीक्षा पास करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा, जो आगे की पढ़ाई और करियर में मददगार हो सकता है।

इन कोर्सों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर तय की गई है। असेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन 7 से 9 सितंबर के बीच होगा, जबकि फाइनल परीक्षा 10 से 15 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी। कोर्स का समापन 15 सितंबर को होगा।

आवेदन की प्रक्रिया भी आसान रखी गई है। छात्र SWAYAM की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और अपनी पसंद के कोर्स में नामांकन कर सकते हैं। इसके अलावा, Central Institute of Educational Technology की वेबसाइट के माध्यम से भी इन कोर्सों तक पहुंचा जा सकता है।

शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल माध्यम को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे न केवल छात्रों को बेहतर संसाधन मिलेंगे, बल्कि वे अपनी गति और सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकेंगे, जो आज के समय की बड़ी जरूरत बन चुकी है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed