
पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना के बाद तमिल सिनेमा के सुपरस्टार से नेता बने थलपति विजय (Thalapathy Vijay) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर चर्चाएं तेज हैं और इसी के साथ लोग उनके निजी जीवन, खासकर शिक्षा और राजनीतिक सफर के बारे में भी जानना चाह रहे हैं।
थलपति विजय, जिनका पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर (Joseph Vijay Chandrasekhar) है, तमिल फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारों में गिने जाते हैं। फिल्मों में उनकी लोकप्रियता लंबे समय से कायम है और अब राजनीति में उनकी सक्रियता ने उन्हें नए सिरे से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
कहां तक पढ़े हैं थलपति विजय?
विजय की शुरुआती पढ़ाई चेन्नई में हुई। स्कूल शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने लोयोला कॉलेज (Loyola College Chennai) में दाखिला लिया, जहां उन्होंने विजुअल कम्युनिकेशन कोर्स चुना। हालांकि, अभिनय के प्रति बढ़ते रुझान के चलते उन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और पूरी तरह फिल्मों की ओर रुख कर लिया।
कम औपचारिक शिक्षा के बावजूद विजय ने अपने अभिनय करियर में बड़ी सफलता हासिल की। अब वे उसी लोकप्रियता को राजनीति में भी बदलने की कोशिश कर रहे हैं।
किस पार्टी के अध्यक्ष हैं विजय?
थलपति विजय तमिलगा वेत्री कझगम यानी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) के संस्थापक और अध्यक्ष हैं। इस राजनीतिक दल की स्थापना 2 फरवरी 2024 को हुई थी। पार्टी मुख्य रूप से तमिलनाडु और पुडुचेरी में सक्रिय है और हाल के चुनावों में इसके प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
राजनीति में एंट्री और बढ़ती उम्मीदें
विजय का राजनीति में आना भारतीय राजनीति के उस ट्रेंड का हिस्सा है, जहां फिल्मी दुनिया से जुड़े कई चेहरे सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हो चुके हैं। हालांकि, हर नेता की तरह उनकी भी असली परीक्षा चुनावी नतीजों से ही तय होगी।
इस बार के चुनावों में उनकी पार्टी का प्रदर्शन यह संकेत देगा कि जनता उन्हें एक नेता के रूप में कितना स्वीकार करती है। खासकर तमिलनाडु की राजनीति में उनका प्रभाव आने वाले समय में किस दिशा में जाता है, यह मतगणना के नतीजों से साफ होगा।
फिलहाल, थलपति विजय न सिर्फ एक सफल अभिनेता के रूप में बल्कि एक उभरते राजनीतिक चेहरे के तौर पर भी लोगों की नजर में हैं।




Add comment