
गुजरात माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (GSEB) ने कक्षा 10वीं (SSC) का रिजल्ट 2026 घोषित कर दिया है। फरवरी–मार्च 2026 में आयोजित एसएससी और संस्कृत प्रथमा परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों छात्रों के लिए यह एक बड़ी खबर है। परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट gseb.org पर जारी किए गए हैं, जहां छात्र अपना मार्कशीट ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
गुजरात बोर्ड के इस साल के नतीजों में रेगुलर छात्रों का प्रदर्शन पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहा है। कुल 7,69,993 रेगुलर छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,56,392 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 6,34,327 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। इस प्रकार रेगुलर श्रेणी का कुल परिणाम 83.86% रहा। दूसरी ओर, रिपीट छात्रों के नतीजे अपेक्षाकृत कम रहे। 70,934 में से 67,404 रिपीट छात्रों ने परीक्षा दी और 22,598 छात्र पास हुए, जिससे कुल परिणाम 33.53% रहा। इसी के साथ GSOS श्रेणी में 23,353 छात्रों ने परीक्षा दी और 6,590 सफल हुए, जिनका पास प्रतिशत 28.22% दर्ज किया गया।
इस वर्ष राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में प्रदर्शन में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। गांधीनगर जिले के अजोल सेंटर ने 100% परिणाम के साथ राज्यभर में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि दाहोद जिले के मुंखोसला सेंटर का परिणाम 33.74% रहा, जो इस वर्ष सबसे कम दर्ज किया गया। परीक्षा राज्यभर के 1006 केंद्रों पर आयोजित हुई थी।
परीक्षा प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी के कुल 5 मामले सामने आए। CCTV निगरानी में पकड़े गए 233 छात्रों की जांच की गई और नियमों के आधार पर उचित कार्रवाई की गई। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था इस बार और अधिक सख्त रखी गई थी।
अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट और सूरत की जेलों में बंदी छात्रों के लिए भी परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 61 बंदियों ने आवेदन किया और 51 ने परीक्षा दी। दिव्यांग छात्रों के लिए अतिरिक्त समय और लिखने वाले की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस वर्ष कुल 4,449 दिव्यांग छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 2,668 छात्र प्रमाणपत्र के लिए पात्र पाए गए।
रिजल्ट जारी होने के बाद अब बोर्ड पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया की घोषणा करेगा। छात्र आधिकारिक समय-सारिणी जारी होने के बाद gseb.org के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। एक विषय के पुनर्मूल्यांकन के लिए 100 रुपये और सभी विषयों के व्यापक पुनर्मूल्यांकन के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही रहेगी.
ऑनलाइन ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए छात्र बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर “SSC Result 2026” वाले लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एडमिट कार्ड पर दिए गए सीट नंबर को दर्ज करें और सबमिट बटन दबाएं। कुछ ही क्षण में स्क्रीन पर विषयवार अंक प्रदर्शित हो जाएंगे। छात्र अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर इसका प्रिंटआउट भविष्य के उपयोग के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
गुजरात बोर्ड का यह परिणाम उन छात्रों के लिए नई शुरुआत का मौका लेकर आया है, जो अब आगे 11वीं में प्रवेश या विभिन्न स्किल-बेस्ड विकल्पों की ओर बढ़ सकते हैं।




Add comment