
अग्निमित्रा पॉल (Agnimitra Paul) इस समय पश्चिम बंगाल की राजनीति में सबसे चर्चित चेहरों में शामिल हैं। कभी फैशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली अग्निमित्रा पॉल अब भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में गिनी जाती हैं। हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उनकी बड़ी जीत ने उन्हें फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40,839 वोटों के बड़े अंतर से हराया। यह जीत क्षेत्र में भाजपा की मजबूत पकड़ का संकेत मानी जा रही है। अग्निमित्रा पॉल अब बंगाल की सत्ता के केंद्र तक पहुंच चुकी हैं। बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद उन्हें शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी दी गई है।
शिक्षा से लेकर फैशन तक, अलग रही है पहचान
51 वर्षीय अग्निमित्रा पॉल का जन्म पश्चिम बंगाल के आसनसोल में हुआ था। उनके पिता डॉ. अशोक रॉय पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ रहे हैं। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने लोरेटो कॉन्वेंट और आसनसोल गर्ल्स कॉलेज से की।
इसके बाद उन्होंने बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज (Banwarilal Bhalotia College) से बॉटनी ऑनर्स में बीएससी की डिग्री हासिल की। विज्ञान की पढ़ाई के बाद उन्होंने फैशन डिजाइनिंग की ओर रुख किया और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज (Birla Institute of Liberal Arts and Management Sciences) से फैशन टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा किया। बाद में उन्होंने MBA की पढ़ाई भी पूरी की।
फैशन इंडस्ट्री में बनाया बड़ा नाम
राजनीति में आने से पहले अग्निमित्रा पॉल फैशन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम थीं। उन्होंने अपना फैशन ब्रांड ‘इंगा’ (INGA) शुरू किया और कई बॉलीवुड फिल्मों के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किए।
उन्होंने श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती, एशा देओल और केके मेनन सहित कई चर्चित हस्तियों के लिए भी डिजाइनिंग का काम किया। फैशन वीक में उनकी मौजूदगी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
2019 में राजनीति में रखा कदम
अग्निमित्रा पॉल ने वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की। राजनीति में आने के बाद उन्होंने कम समय में संगठन के भीतर मजबूत पहचान बना ली।
उन्हें भाजपा महिला मोर्चा, पश्चिम बंगाल का अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेंस कैंप और कई सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। बाद में पार्टी ने उन्हें प्रदेश महासचिव और फिर राज्य उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
2021 से लगातार बढ़ा राजनीतिक प्रभाव
अग्निमित्रा पॉल पहली बार 2021 में विधायक बनी थीं, जब उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार सायोनी घोष को हराकर आसनसोल दक्षिण सीट जीती थी। इसके बाद से वह पश्चिम बंगाल भाजपा के आक्रामक और चर्चित चेहरों में शामिल हो गईं।
2026 विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद उनका राजनीतिक कद और बढ़ा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में वह पश्चिम बंगाल भाजपा की अहम रणनीतिक नेताओं में शामिल रह सकती हैं।
महिलाओं और युवाओं के बीच बढ़ी लोकप्रियता
अग्निमित्रा पॉल की पहचान एक ऐसी नेता के रूप में बनाई जा रही है, जिन्होंने फैशन और ग्लैमर की दुनिया से निकलकर राजनीति में अपनी अलग जगह बनाई। उनकी शिक्षा, प्रोफेशनल अनुभव और आक्रामक राजनीतिक शैली ने उन्हें खासकर युवा और महिला मतदाताओं के बीच लोकप्रिय बनाया है।
राजनीति में उनकी तेजी से बढ़ती सक्रियता ने उन्हें पश्चिम बंगाल भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं की सूची में मजबूत स्थान दिलाया है।




Add comment