
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए अहम दिशानिर्देश जारी किए हैं। एजेंसी ने साफ कहा है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान छोटी गलती भी उम्मीदवारों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में फॉर्म भरते समय सभी जानकारी ध्यान से दर्ज करना बेहद जरूरी है।
यूजीसी नेट परीक्षा देशभर में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती और पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं। इसी को देखते हुए एनटीए ने इस बार आवेदन प्रक्रिया को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
एक से ज्यादा आवेदन करने पर रद्द हो सकता है फॉर्म
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा के लिए उम्मीदवार केवल एक ही आवेदन फॉर्म भरें। अगर कोई अभ्यर्थी एक से अधिक आवेदन करता है, चाहे वह अलग-अलग विषयों के लिए ही क्यों न हो, तो ऐसे मामलों में बाकी आवेदन रद्द किए जा सकते हैं। एजेंसी के मुताबिक अंतिम रूप से जमा किया गया आवेदन ही मान्य माना जाएगा।
ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे जल्दबाजी में कई आवेदन करने से बचें और एक ही फॉर्म में सही जानकारी भरें।
विषय चयन में रखें खास ध्यान
एनटीए ने विषय चयन को लेकर भी महत्वपूर्ण चेतावनी दी है। एजेंसी के अनुसार आवेदन जमा होने के बाद विषय बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए उम्मीदवार अपने पोस्टग्रेजुएट विषय के अनुसार ही सही विषय का चयन करें।
गलत विषय चुनने की स्थिति में उम्मीदवार परीक्षा में बैठने के बावजूद आगे की प्रक्रिया में दिक्कत का सामना कर सकते हैं। इसलिए आवेदन करने से पहले आधिकारिक सूचना पत्र अच्छी तरह पढ़ना जरूरी है।
व्यक्तिगत जानकारी सही भरना जरूरी
एनटीए ने कहा है कि आवेदन फॉर्म में नाम, जन्मतिथि, श्रेणी, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और शैक्षणिक जानकारी जैसी सभी डिटेल बिल्कुल सही होनी चाहिए। किसी भी तरह की गलत या अधूरी जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।\
एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी एक बार दोबारा जरूर जांच लें।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
यूजीसी नेट जून 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 20 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 22 जून से 30 जून 2026 के बीच कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
इस बार परीक्षा में कुल 85 विषय शामिल किए गए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि कई उम्मीदवार आवेदन के दौरान जल्दबाजी में गलती कर बैठते हैं, जिसका असर बाद में एडमिट कार्ड या रिजल्ट पर भी पड़ सकता है। इसलिए आवेदन करते समय दस्तावेज पहले से तैयार रखें और सभी जानकारी ध्यानपूर्वक भरें।




Add comment