
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा को भारतीय संस्कृति, संवाद कौशल और सामाजिक समावेश से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में परिषदीय और कस्तूरबा विद्यालयों में 13 से 19 मई तक ‘भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर-2026’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम बच्चों की शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाने का बड़ा मंच प्रदान करेगा।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी भाषाई जड़ों से जोड़ना और भाषा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। सरकार का मानना है कि भाषा केवल सीखने का विषय नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति को समझने का माध्यम है।
बहुभाषावाद की ओर बड़ा कदम
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत राज्य सरकार बच्चों में बहुभाषावाद को बढ़ावा दे रही है। शिविर में छात्र अपनी मातृभाषा के गौरव को समझेंगे और साथ ही अन्य भारतीय भाषाओं के बुनियादी संवाद कौशल से परिचित होंगे। यह प्रयास बच्चों में भाषा सीखने को सहज, रोचक और उपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
सरकार का उद्देश्य है कि छात्र भाषा को केवल पाठ्यपुस्तक का हिस्सा न समझें, बल्कि उसे परंपरा, विचार और सांस्कृतिक विविधता का सेतु मानें।
सांकेतिक भाषा से सामाजिक समावेश को मजबूती
इस शिविर की सबसे उल्लेखनीय विशेषता इंडियन साइन लैंग्वेज (ISL) का प्रशिक्षण है। पहली बार स्कूली बच्चों को सांकेतिक भाषा के बुनियादी कौशल से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे दिव्यांगजनों के प्रति अधिक संवेदनशील और सहयोगी बन सकें।
आरपीडब्ल्यूडी अधिनियम-2016 के अनुरूप यह कदम समावेशी शिक्षा की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। इसके लिए एससीईआरटी द्वारा पीएम ई-विद्या चैनल के माध्यम से विशेष शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्रों को आसानी से सीखने का अवसर मिलेगा।
सख्त मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
योगी सरकार ने शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारियों को पूरे कार्यक्रम की निरंतर मॉनिटरिंग करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक गतिविधि का सही तरीके से क्रियान्वयन हो और बच्चों को अधिकतम लाभ मिले। सरकार का लक्ष्य है कि यह पहल छात्रों की संवाद क्षमता, भाषाई दक्षता और सामाजिक समझ को नई दिशा दे।
भविष्य के लिए मजबूत आधार
‘भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर-2026’ सिर्फ एक शैक्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य के आत्मविश्वासी, संवेदनशील और सांस्कृतिक रूप से जागरूक नागरिक तैयार करने का प्रयास है। भारतीय भाषाओं की विविधता को समझकर बच्चे न केवल अपनी मातृभूमि से जुड़ेंगे, बल्कि सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के भी मजबूत वाहक बनेंगे।
यह पहल उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।




Add comment