
चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। आने वाले समय में CA कोर्स का सिलेबस पहले से काफी अलग और आधुनिक हो सकता है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया यानी ICAI अब CA पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स, ESG और डिजिटल टेक्नोलॉजी से जुड़े विषय शामिल करने पर विचार कर रहा है। तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी और प्रोफेशनल दुनिया की जरूरतों को देखते हुए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ICAI ने इसके लिए एक नई समिति का गठन किया है, जो पूरे सिलेबस की समीक्षा करेगी और यह तय करेगी कि मौजूदा कोर्स में क्या बदलाव जरूरी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में CA प्रोफेशन केवल अकाउंटिंग और टैक्स तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टेक्नोलॉजी आधारित स्किल्स भी इसकी बड़ी जरूरत बन जाएंगी।
अब सिर्फ अकाउंटिंग नहीं, टेक्नोलॉजी की भी होगी पढ़ाई
फिलहाल CA कोर्स में अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिट, लॉ और फाइनेंस जैसे विषयों पर ज्यादा फोकस रहता है। हालांकि डिजिटल फाइनेंस और ऑटोमेशन के दौर में अब कंपनियां ऐसे प्रोफेशनल्स चाहती हैं जिन्हें डेटा समझने, टेक्नोलॉजी टूल्स इस्तेमाल करने और AI आधारित सिस्टम्स के साथ काम करने की जानकारी हो।
इसी वजह से ICAI अब सिलेबस में AI और Data Analytics जैसे विषयों को शामिल करने की दिशा में काम कर रहा है। ESG यानी Environmental, Social and Governance से जुड़े विषयों को भी कोर्स का हिस्सा बनाया जा सकता है, क्योंकि बड़ी कंपनियों में अब ESG रिपोर्टिंग और सस्टेनेबिलिटी से जुड़े काम तेजी से बढ़ रहे हैं।
ICAI अध्यक्ष ने बताया क्यों जरूरी है AI
ICAI के अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार डी ने हाल ही में कहा कि अकाउंटिंग प्रोफेशन तेजी से बदल रहा है और टेक्नोलॉजी अब इसका अहम हिस्सा बन चुकी है। उनके मुताबिक AI अब केवल एक अतिरिक्त स्किल नहीं, बल्कि प्रोफेशन में बने रहने की जरूरत बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी सेक्टर में AI का उपयोग अलग तरीके से होता है, लेकिन अकाउंटिंग और ऑडिट सेक्टर में भी इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में भविष्य के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को डिजिटल टूल्स और ऑटोमेशन की समझ होना जरूरी होगा।
सिलेबस रिव्यू के लिए बनाई गई नई कमेटी
ICAI ने “शिक्षा और प्रशिक्षण समीक्षा समिति” यानी CRET Committee का गठन किया है। यह समिति पूरे CA सिलेबस की समीक्षा करेगी और यह देखेगी कि किन विषयों को जोड़ा जाना चाहिए और कहां बदलाव की जरूरत है।
कमेटी केवल सिलेबस ही नहीं बल्कि आर्टिकलशिप ट्रेनिंग, कम्युनिकेशन स्किल्स और एसेसमेंट सिस्टम की भी समीक्षा करेगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद ICAI इन सुझावों पर चर्चा करेगा और जरूरत पड़ने पर पब्लिक फीडबैक भी लिया जा सकता है। रिपोर्ट दिसंबर तक आने की संभावना जताई जा रही है।
CA Final परीक्षा पैटर्न में भी हो चुका है बदलाव
इससे पहले ICAI ने CA Final परीक्षा के पैटर्न में भी बदलाव किया था। अब CA Final की परीक्षा साल में तीन बार नहीं बल्कि दो बार आयोजित की जाएगी। यह परीक्षाएं मई और नवंबर में कराई जाएंगी।
हालांकि CA Foundation और Intermediate परीक्षा के शेड्यूल में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। हाल ही में CA Intermediate Group I की परीक्षाएं 5, 7 और 9 मई को आयोजित हुई थीं, जबकि Group II की परीक्षाएं 11, 13 और 15 मई को संपन्न हो चुकी हैं। अब छात्रों को रिजल्ट का इंतजार है।
बदलती इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार हो रहा बदलाव
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में अकाउंटिंग और ऑडिट सेक्टर में ऑटोमेशन और AI का उपयोग तेजी से बढ़ेगा। कई कंपनियां पहले से ही डेटा आधारित फाइनेंशियल एनालिसिस और AI टूल्स का इस्तेमाल कर रही हैं। ऐसे में ICAI का यह कदम छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुसार तैयार करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
नई तकनीकों को समझने वाले CA प्रोफेशनल्स की मांग देश और विदेश दोनों जगह तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में सिलेबस में संभावित बदलाव छात्रों के करियर के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकते हैं।




Add comment