
बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 (TRE-4) को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने साफ कहा है कि जुलाई 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शुरुआत में टीआरई-4 के तहत करीब 46 हजार शिक्षकों की भर्ती की योजना बनाई गई थी, लेकिन फिलहाल लगभग 20 हजार पदों पर बहाली की तैयारी चल रही है। हालांकि उन्होंने पदों की अंतिम संख्या को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी। मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए और इस बार पर्याप्त संख्या में वैकेंसी निकाली जाएगी, ताकि योग्य उम्मीदवारों को बेहतर अवसर मिल सके।
बिहार सरकार अब शिक्षक भर्ती को लेकर लंबी अवधि की रणनीति पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में राज्य में करीब 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने का है। इसी योजना के तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की भर्ती निकाली जाएगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे नई पीढ़ी के अभ्यर्थियों को हर साल अवसर मिलेगा और उन्हें भर्ती के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इसके साथ ही ऐसे उम्मीदवारों को भी फायदा होगा, जिनका चयन पिछले चरणों में किसी कारण से नहीं हो पाया था। उन्हें अपनी तैयारी सुधारने और दोबारा परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलता रहेगा। शिक्षा विभाग इसे लगातार भर्ती प्रक्रिया की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार, बिहार में अब तक टीआरई के तीन चरणों के जरिए करीब 2.50 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इन भर्तियों के बाद राज्य में सरकारी शिक्षकों की संख्या लगभग 5.80 लाख पहुंच गई है। सरकार की नई योजना के मुताबिक साल 2030 तक बिहार में शिक्षकों की कुल संख्या बढ़कर करीब 6.80 लाख हो सकती है।
विभागीय स्तर पर भर्ती प्रक्रिया की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई और रणनीति पर खास ध्यान देने की सलाह दी जा रही है। जुलाई महीने में किसी भी समय टीआरई-4 भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी किया जा सकता है।




Add comment