
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा शुल्क रिफंड को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने फीस रिफंड के लिए बैंक डिटेल जमा करने की अंतिम तारीख आगे बढ़ा दी है। पहले उम्मीदवारों को 27 मई 2026 तक अपनी बैंक जानकारी जमा करनी थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक पूरी की जा सकेगी।
एनटीए द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा में हिस्सा लिया था, वे फीस रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं। पेपर लीक विवाद सामने आने के बाद एजेंसी ने परीक्षा को रद्द कर दिया था और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया। अब NEET UG री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, इस साल NEET UG परीक्षा में लगभग 23 लाख उम्मीदवार शामिल होने वाले हैं। वहीं अब तक 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी फीस रिफंड के लिए आवेदन कर चुके हैं। बड़ी संख्या में छात्रों द्वारा आवेदन किए जाने के कारण यह प्रक्रिया लगातार चर्चा में बनी हुई है।
एनटीए ने 22 मई 2026 से फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू की थी। एजेंसी ने उसी समय स्पष्ट कर दिया था कि उम्मीदवारों को रिफंड प्राप्त करने के लिए अपनी बैंक डिटेल ऑनलाइन जमा करनी होगी। उम्मीदवारों द्वारा दी गई बैंक जानकारी के आधार पर ही रिफंड राशि सीधे खाते में ट्रांसफर की जाएगी।\
एजेंसी के अनुसार, अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे पात्र उम्मीदवार हैं जिन्होंने अब तक अपनी बैंक जानकारी जमा नहीं की है। इसी वजह से सबमिशन विंडो को लगभग एक महीने के लिए बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि सभी योग्य उम्मीदवार समय रहते प्रक्रिया पूरी कर सकें।
फीस रिफंड के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद रिफंड लिंक पर क्लिक करके बैंक अकाउंट डिटेल भरनी होगी। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे बैंक जानकारी दर्ज करते समय पूरी सावधानी बरतें। बेहतर सत्यापन के लिए उम्मीदवार कैंसल चेक की कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के आवेदन को देखते हुए एनटीए का यह फैसला उन उम्मीदवारों के लिए राहत साबित होगा, जो किसी कारणवश समय पर अपनी जानकारी जमा नहीं कर पाए थे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लें।




Add comment